राम गोपाल वर्मा ने शिक्षक दिवस पर आतंकवादी दाऊद इब्राहीम को बताया प्रेरणास्रोत

 

हिंदी फिल्म निर्माता और निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने 5 सितंबर, शिक्षक दिवस के अवसर पर देश के भगोड़े आतंकवादी दाऊद इब्राहीम को प्रेरणास्रोत बता दिया। ये वही राम गोपाल वर्मा हैं जिन्होंने दाऊद इब्राहीम पर ‘डी’ (D) नाम से फिल्म बनायी थी।

शिक्षक दिवस पर राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया X पर उन लोगों के नाम गिनाए, जिन्होंने उनकी रचनात्मक यात्रा को आकार दिया और वो उनके लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने लिखा- अमिताभ बच्चन, स्टीवन स्पीलबर्ग, ऐन रैंड, ब्रूस ली, श्रीदेवी और दाऊद इब्राहीम समेत उन सभी महान लोगों को मेरा सलाम जिन्होंने मुझे जो कुछ भी बनने और जो भी फिल्में बनाने के लिए प्रेरित किया। शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं।

बता दें यह पहली बार नहीं है जब राम गोपाल वर्मा ने अपने काम को दाऊद इब्राहीम से जोड़ा है। साल 2021 में राम गोपाल वर्मा ने ‘डी कंपनी’ का निर्देशन किया था जो दाऊद इब्राहीम के नेतृत्व में मुंबई के अंडरवर्ल्ड साम्राज्य से प्रेरित एक फिल्म थी। इससे पहले, स्पॉटबॉय को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था- मैं दाऊद इब्राहीम की बदौलत अपनी जीविका चलाता हूं। मैंने गैंगस्टर फिल्मों से अपना करियर बनाया क्योंकि मुझे हमेशा से ही इंसानी स्वभाव के अंधेरे पहलू से लगाव रहा है।
राम गोपाल वर्मा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर भी एक आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद उनके खिलाफ कई शिकायतें दर्ज की गईं। राम गोपाल वर्मा ने रंगीला, सत्या, कंपनी, सरकार, भूत और रात जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है।

राम गोपाल वर्मा के खिलाफ फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉयज यूनियन ने बड़ा फैसला लिया कि फेडरेशन की 32 यूनियन में से कोई भी कभी भी राम गोपाल वर्मा के साथ काम नहीं करेगा। राम गोपाल वर्मा पर आरोप है कि उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों, टेक्नीशियनों और वर्करों का लगभग 1.5 करोड़ रुपए से ऊपर का बकाया नहीं चुकाया। बॉलीवुड में बैन होने की वजह से राम गोपाल वर्मा मुंबई से बाहर रहते हैं और वहीं से अपनी फिल्में बनाते हैं।

Leave a Comment