कांग्रेस की केरल इकाई के सोशल मीडिया प्रमुख वीटी बलराम ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। केपीसीसी के आधिकारिक हैंडल ‘एक्स’ पर हाल ही में घोषित वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में बदलावों के संदर्भ में बिहार को बीड़ी से जोड़ने वाला एक पोस्ट काफी वायरल हो गया था। बाद में पोस्ट को हटा दिया गया था, पोस्ट में लिखा था: “बीड़ी और बिहार ‘बी’ से शुरू होते हैं। इसे अब पाप नहीं माना जा सकता।”
बता दें कि जीएसटी परिषद द्वारा बीड़ी पर टैक्स 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने और सिगरेट पर टैक्स बढ़ाने के फैसले का हवाला देते हुए दिए गए इस बयान को बिहार और उसके लोगों के प्रति अपमानजनक कहा गया। बिहार देश के प्रमुख बीड़ी उत्पादन केंद्रों में से एक है और इस उद्योग में देश भर में लगभग 70 लाख कर्मचारी कार्यरत हैं।
कांग्रेस के ट्वीट पर बिहार मंत्री अशोक चौधरी ने कहा, “कांग्रेस पार्टी को बिहार की जनता से नफरत है…बस इसलिए कि बीड़ी पर जीएसटी कम किया गया है, वे बी के लिए बीड़ी और बिहारी कह रहे हैं… शायद वो भूल गए है कि बिहार ने सम्राट अशोक, आर्यभट्ट, चाणक्य जैसे महान व्यक्तियों को जन्म दिया…गुरु गोबिंद सिंह जी का जन्म भी बिहार में हुआ था…”
केरल कांग्रेस ने इस मुद्दे पर एक बड़ा राजनीतिक बवाल खड़ा होने के बाद अपनी गलती स्वीकार की। पार्टी ने बाद में उस पोस्ट को हटा दिया और सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगी। खबरों के अनुसार, इस पोस्ट को लेकर उठे विवाद के बीच केरल पार्टी इकाई के सोशल मीडिया प्रमुख वीटी बलराम ने इस्तीफा दे दिया है। केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ ने स्वीकार किया कि पार्टी की राज्य इकाई के सोशल मीडिया हैंडल पर “बीड़ी और बिहार” वाला तंज पोस्ट करते समय “गलती हुई” और “सावधानी की कमी भी रही।”
