सांकेतिक तस्वीर
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शराब उधार न मिलने पर एक होमगार्ड ने अंग्रेजी शराब के ठेके में आग लगा दी। पुलिस ने होमगार्ड को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव नगला ऑडर निवासी आशीष का दौराला थाने के सामने अंग्रेजी शराब का ठेका है। वहां ईश्वर सेल्समैन के रूप में काम करता है। शनिवार रात करीब पौने 11 बजे कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में ‘डायल-112’ पर तैनात एक होमगार्ड कपिल कुमार शराब लेने ठेके पर पहुंचा। उसने ईश्वर से उधार शराब मांगी। ईश्वर ने नियम और वर्दी में होने की वजह से उसे उधार देने से साफ इन्कार कर दिया। इससे होमगार्ड को गुस्सा आ गया। बदले में हड्डी-पसली तोड़ डालने की धमकी देकर वह चला गया।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी खाकी रंग की पैंट और काली बनियान पहने, सिर पर गमछा बांधे ठेके पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। वीडियो में नजर आ रहा है कि वह बोतल से पेट्रोल निकालकर दुकान के बाहर छिड़कता है और माचिस जलाकर आग लगा देता है। इसके बाद वह अपनी मोटरसाइकिल से फरार हो गया।
पुलिस ने बताया आरोपी ने पहले विक्रेता से शराब मांगी थी और मना किए जाने पर उसने यह कदम उठाया। ठेके के सेल्समैन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पूछताछ में कपिल ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
