प्रेमानंद महाराज
मुंबई में हिंदी फिल्मों की अभिनेत्री दिशा पाटनी के उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित घर पर शुक्रवार अलसुबह 3.30 बजे अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ। गोल्डी बरार नामक फेसबुक अकाउंट से फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई जिसमें धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया गया। पोस्ट में कहा गया कि प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य महाराज का अपमान किया गया है और सनातन धर्म को नीचा दिखाने का प्रयास किया गया है।
फायरिंग की इस घटना को दिशा पाटनी की बहन रिटायर्ड मेजर खुशबू पाटनी के वीडियो से जोड़ा जा रहा, जिसमें उन्होंने कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के ‘लिवइन’ वाले बयान पर आपत्ति जताई थी। शुक्रवार रात चर्चा रही कि खुशबू की आपत्ति से नाराज गैंग्सटर गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गिरोह ने फायरिंग कराई। जुलाई में कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने लड़कियों के लिवइन रिलेशनशिप में रहने पर टिप्प्णी की थी। इसके विरोध में दिशा पाटनी की बहन खुशबू ने वीडियो जारी किया तो इंटरनेट मीडिया पर बहस छिड़ी थी। बाद में खूशबू ने नये वीडियो में कहा था कि कुछ लोग मेरे बयान को संत प्रेमानंद महाराज के विरुद्ध भी जोड़ रहे हैं। मैंने उनके विरुद्ध कोई टिप्पणी नहीं की, उनका आदर करती हूं। कई बयान-वीडियो के बीच गोल्डी बरार गिरोह की ओर से संतों के विरुद्ध टिप्पणी करने वालों को धमकी भरी पोस्ट की गईं थी।
बरेली के सीनियर एसपी अनुराग आर्य ने मीडिया को बताया कि थाना कोतवाली, बरेली क्षेत्रांतर्गत रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी के घर पर हुई फायरिंग को लेकर पुलिस जरूरी कार्रवाई कर रही है। परिवार की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल को तैनात किया गया है।
इस वायरल पोस्ट में लिखा है-मैं वीरेंद्र चारण, महेंद्र सारण (डेलाणा)। भाईयों आज ये जो खुशबू पटानी/दिशा पटानी (बॉलीवुड एक्ट्रेस) के घर पर (विला नम्बर 40, सिविल लाइन्स बरेली, यू.पी.) में फायरिंग हुई है, ये हमने करवायी है। इसने हमारे पूज्य संत (प्रेमानंद जी महाराज और अनिरुद्धाचार्य जी महाराज) का अपमान किया था। इसने हमारे सनातन धर्म को नीचा दिखाने की कोशिश की थी। हमारे आराध्य देवी देवताओ का अपमान नहीं सहा जायेगा। ये तो महज एक ट्रेलर था। अगली बार फिर से इसने या किसी और ने हमारे धर्म के प्रति कुछ भी अभद्रता दिखाई तो उनके घर मे से किसी को जिंदा नही छोड़ेंगे। ये संदेश सिर्फ इसके लिए ही नही है बल्कि जितने भी फिल्म जगत के कलाकार और उनसे जुड़े लोग है, उन सभी के लिए हैं। जिस किसी ने भी हमारे धर्म और संतो सम्बन्धी ऐसी कोई भविष्य में अपमानजनक हरकत की तो तैयार रहना उसके परिणाम भुगतने के लिए। हमें हमारे धर्म की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाना पड़े, उसके लिए हम तैयार हैं। हम कभी भी पीछे नहीं हटेंगे। हमारे लिए धर्म और सर्व समाज हमेशा एक हैं, उनकी रक्षा करना हमारा प्रथम कर्तव्य है।
