प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन मोदी की आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) वीडियो जनरेट करने और सोशल मीडिया पर शेयर करने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस की IT सेल के नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। FIR कांग्रेस और बिहार कांग्रेस IT सेल से जुड़े नेताओं के खिलाफ दर्ज की गयी है।
भाजपा नेता संकेत गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू थाने में BNS-2023 की धारा 318(2), 336(3)(4), 340(2), 352, 356(2) और 61(2) सहित IT एक्ट और डिजिटल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट के तहत FIR दर्ज की है। FIR के अनुसार, 10 सितंबर 2025 को शाम 6:12 बजे कांग्रेस की आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल (INC बिहार) से X हैंडल पर एक एआई जनरेटेड फर्जी वीडियो जारी किया, जिसमें हिंदी में लिखा था, ‘‘साहब के सपनों में आई मां। इस वीडियो में मोदी की मां उनकी राजनीति की आलोचना करती दिखाई दे रही हैं।
भाजपा ने इसे राजनीति की सीमा से बाहर जाकर उनके व्यक्तिगत जीवन और उनके परिवार पर हमला करार दिया है।
भाजपा का कहना है कि यह वीडियो न केवल प्रधानमंत्री की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के लिए बनाया गया, बल्कि महिला गरिमा और मातृत्व का भी अपमान है। शिकायत में यह भी कहा गया कि 27-28 अगस्त को बिहार के दरभंगा में आयोजित कांग्रेस-आरजेडी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां हीराबेन मोदी के खिलाफ अभद्र व अशोभनीय टिप्पणियां की गईं।
