लॉरेंस बिश्नोई
कनाडा की मार्क कार्नी सरकार ने अपनी आतंकी लिस्ट को अपडेट करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकी समूह घोषित कर दिया है। कनाडा के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री गैरी आनंदसांगरी ने अपनी एक पोस्ट में बड़े ही कड़े अल्फाज़ में कहा कि कनाडा में हिंसा, आतंक और समुदायों को धमकाना कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस नए नाम को जोड़ने के बाद अब कनाडा की Criminal Code की लिस्ट में कुल 88 आतंकी संगठन हो गए हैं।
बता दें कि बिश्नोई गैंग एक अंतरराष्ट्रीय अपराधी संगठन है जो मुख्य रूप से भारत से संचालित होता है। इसका नेटवर्क कनाडा में भी है और खासकर उन इलाकों में जहां भारतीय बड़ी संख्या में रहते हैं। यह गैंग हत्या, गोलीबारी, आगजनी और वसूली जैसे अपराध करने के लिए फेमस है। इतना ही नहीं यह गैंग नामी लोगों, कारोबारियों और बड़ी हस्तियों को धमकाकर डर का माहौल बनाते हैं। मुंबई में हिंदी फिल्मों के अभिनेता सलमान खान को धमकाने के बाद लॉरेंस बिश्नोई ज़्यादा चर्चा में आया था।
बिश्नोई गैंग को अब आतंकवादी संगठन करार देने का मतलब है कि कनाडा में उसकी संपत्ति, पैसे, वाहन या अन्य चीजें, जब्त या फ्रीज की जा सकती हैं। इतना ही नहीं कनाडा की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को गैंग के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए और ज्यादा अधिकार मिल गए हैं। उदाहरण के लिए, कनाडा या विदेश में कोई भी कनाडाई नागरिक अगर इस गैंग की संपत्ति से लेन-देन करता है तो यह अपराध होगा। अगर कोई सीधे या छिपा कर इस गैंग को पैसा या संपत्ति देता है, यह जानते हुए कि वह उनके काम आएगा, तो यह भी अपराध माना जाएगा।
पिछले साल RCMP ने दावा किया था कि भारत बिश्नोई गैंग का इस्तेमाल कनाडा में हत्याएं और उगाही करवाने के लिए कर रहा है, खासकर उन लोगों को निशाना बनाने के लिए जो खालिस्तान की मांग का समर्थन करते हैं। हालांकि, नई दिल्ली ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था और कहा था कि कनाडा के साथ मिलकर इस गैंग की आर्थिक गतिविधियों पर रोक लगाने की कोशिश कर रहा है।
