महिला क्रिकेट वन डे वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 88 रन से हरा दिया है। भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच एशिया कप से शुरू हुआ हाथ नहीं मिलाने का सिलसिला महिला वर्ल्ड कप में भी जारी रहा। टॉस के दौरान और मैच के बाद भारत ने और पाकिस्तान की खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। इससे पहले एशिया कप में भारत और पाकिस्तान की पुरुष टीमों के बीच तीन बार टक्कर हुई। लेकिन तीनों ही बार खिलाड़ियों ने आपस में हाथ नहीं मिलाए।
यह मुकाबला श्रीलंका के कोलंबो के आर. प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर 247 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से मिले 248 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 43 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान के लिए सिदरा अमीन ने 81 रन की पारी खेली। वहीं दीप्ति शर्मा और क्रांति गौड़ ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं इससे पहले भारत ने ऋचा घोष की 35 रन की पारी की बदौलत 50 ओवर में 247 रन बनाए।
248 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पाकिस्तान ने 11.1 ओवर में 26 के स्कोर पर ही तीन विकेट गंवा दिए थे। लेकिन सिदरा अमीन और नतालिया परवेज़ ने पाकिस्तान की पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी को क्रांति गौड़ ने नतालिया का विकेट लेकर तोड़ दिया। नतालिया 33 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद पाकिस्तान का पांचवां विकेट दीप्ति शर्मा ने लिया। उन्होंने फ़ातिमा सना को कैच आउट कराया। फ़ातिमा महज़ 2 रन बना सकीं।
लगातार गिरते विकेटों के बीच सिदरा अमीन हालांकि एक छोर पर मजबूती के साथ डटी रहीं। सिद्रा नवाज़ ने 14 रन की पारी खेली, उन्हें स्नेह राणा ने पवेलियन वापस भेज दिया। सिदरा अमीन शतक की ओर आगे बढ़ रही थीं। पर उन्हें 81 के स्कोर पर स्नेह राणा ने आउट कर दिया। वहीं दीप्ति शर्मा ने रमीन शमीम को खाता खोलने का मौका ही नहीं दिया। भारत के लिए क्रांति गौड़ ने 10 ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। दीप्ति शर्मा को भी तीन विकेट मिले। वहीं स्नेह राणा ने दो खिलाड़ियों को पवेलियन वापस भेजा।
झलकियां
1- महिला क्रिकेट में यह पहला मौका था जब पाकिस्तान की टीम ने भारतीय टीम को ऑलआउट किया।
2- इस मैच में टॉस के फैसले को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद हुआ।
3- कीट-पतंगों की वजह से खेल कुछ देर के लिए रोकना पड़ा था। जिस वक्त मैच रोका गया था तब भारत का स्कोर 34 ओवर में चार विकेट खोकर 154 रन था।
4-मैदान पर उड़ रहे कीट-पतंगें खिलाड़ियों के सिर पर मंडरा रहे थे और आंखों में जा रहे थे, जिससे बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी दोनों में दिक्कत हो रही थी।
5- पाकिस्तानी खिलाड़ी मैदान पर कीटनाशक स्प्रे करती नज़र आईं।
6- भारत और पाकिस्तान की कप्तान ने टॉस के दौरान हाथ नहीं मिलाए
7- भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे मैच में टॉस को लेकर भी विवाद देखने को मिला।
8- टॉस के दौरान फ़ातिमा सना से उनका कॉल पूछा गया तो उन्होंने टेल्स कहा। लेकिन वहीं मौजूद रहे मैच ऑफिशियल्स ने कहा कि हेड्स इज द कॉल। इसके बाद जब कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सिक्का उछाला और हेड्स आया तो पाकिस्तान को टॉस का विजेता घोषित किया गया।
9- भारतीय महिला टीम ने वनडे में पाकिस्तानी टीम के खिलाफ अजेय रहने का रिकॉर्ड कायम रखा है। अब तक दोनों टीमों के बीच 12 बार टक्कर हुई है और हर बार भारतीय टीम ही जीत दर्ज करने में कामयाब रही है।
