दरगाह के पालतू मुर्गे को मारने पर सेवादार ने की युवक की हत्या, शव रलवे ट्रैक पर फेंका

 

पंजाब के लुधियाना में एक युवक की दरगाह के अंदर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना तब हुई जब 26 वर्षीय उमेश यादव नामक युवक ने कथित रूप से दरगाह के सेवादार के पाले हुए मुर्गे को मार डाला। इस पर दरगाह के प्रमुख सेवादार ने अपना आपा खो दिया और युवक की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी की पहचान हरजिंदर पाल उर्फ बाबा पम्मी शाह (58) के रूप में हुई है, जो धनदारी कलां रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक दरगाह का प्रमुख सेवादार है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चार साल से अपने सफेद मुर्गे को बच्चे की तरह पाला था और उसे किसी ने बेरहमी से मार दिया, जिससे वह गुस्से में अपना आपा खो बैठा। मृतक उमेश यादव (26) मूल रूप से बलिया, उत्तर प्रदेश का निवासी था और वर्तमान में मुंडियान, लुधियाना में रहता था। मृतक के चचेरे भाई राहुल यादव ने पुलिस को बताया कि 6 अक्टूबर की शाम को वे दोनों अपने एक रिश्तेदार को धनदारी रेलवे स्टेशन छोड़कर लौट रहे थे। रास्ते में उमेश को अचानक दौरे आने लगे और वह पास की दरगाह में जा घुसा। वहां एक सफेद मुर्गा घूम रहा था। इसी दौरान उमेश ने मुर्गे की गर्दन मरोड़ दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

राहुल के अनुसार, मुर्गे के मारे जाने के बाद दरगाह में मौजूद तीन लोगों ने उन पर हमला कर दिया और लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने बाबा पम्मी शाह को बुलाया। बाबा के पहुंचते ही उन्होंने उमेश का सिर दीवार से कई बार पटका, जिससे वह बेहोश हो गया। राहुल ने बताया कि उसे भी पीटा गया और कमरे में बंद कर दिया गया। जब उसने अपने पिता बजरंगी यादव को फोन किया और वे मौके पर पहुंचे, तो उन्हें भी पीटा गया और कमरे में बंद कर दिया गया। राहुल के अनुसार, मंगलवार रात को जब सेवादार ने उन्हें छोड़ा, तब जाकर वे उमेश को अस्पताल ले जा पाए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे लुधियाना सिविल अस्पताल में मृत घोषित कर दिया।

Leave a Comment