लव मैरिज करने की सज़ा- 45 गांव के आदिवासी मांग रहे मुर्गा-भात, प्रेमी छत्तीसगढ़ का, प्रेमिका महाराष्ट्र की !!

 

छत्तीसगढ़ के कांकेर में एक युवक ने महाराष्ट्र की युवती से लव मैरिज की। युवती आदिवासी समाज से है। अब आदिवासी समाज के लोगों ने दामाद के घर पहुंच कर अनोखी शर्त रख दी। करीब 45 गांव के 500 लोग दामाद से ‘सजा’ के तौर पर बकरा-मुर्गा भात खिलाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि ये उनकी परंपरा है। वह तभी इस शादी को मानेंगे, जब दामाद इस परंपरा को पूरा करेगा।

युवक छत्तीसगढ़ के ग्राम पंचायत विष्णुपुर का रहने वाला है, जिसकी पहचान 26 साल के प्रभास विश्वास के रूप में हुई है। उसने महाराष्ट्र के भूमकाम गांव की रहने वाली 25 साल की अलीसा पोटामी से साल 2022 में कोर्ट में शपथपत्र देकर लव मैरिज की थी, लेकिन अलीसा पोटामी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। इसलिए वह ससुराल न जाकर अपनी पढ़ाई पूरी करने लगी थी। अब जब अलीसा की पढ़ाई पूरी हुई तो वह 10 दिन पहले युवक के घर छत्तीसगढ़ के पीवी 101 विष्णुपुर पहुंच गई। जब बेटी घर नहीं गई तो उसके परिजन ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच की और युवती से पूछताछ कर उसका बयान दर्ज किया। युवती ने बताया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से शादी की है। इसके बाद पुलिस युवती के बालिग होने के चलते मामले को खत्म कर वापस लौट गई।

इसके बाद जब गांव वालों को युवती की शादी की बात पता चली तो वह युवती के परिजन के साथ विष्णुपुर पहुंच गए। करीब 500 लोग युवक के गांव पहुंचे। लड़की आदिवासी समाज से ताल्लुक रखती है। ऐसे में आदिवासी समाज के 45 गांव के 500 लोगों ने विष्णुपुर में डेरा डाला। उनका कहना है कि उन्हें शादी से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन युवक को आदिवासी समाज की परंपरा को निभाना होगा। आदिवासी समाज के लोगों ने कहा कि हमारी परंपरा के मुताबिक जब किसी दूसरे समाज का युवक उनके समाज की युवती से शादी करता है तो दामाद को आदिवासी समाज के लोगों को बकरा-मुर्गा और भात खिलाना पड़ता है। इसके साथ ही सजा के तौर पर और सामग्री भी देनी पड़ती है। प्रभास विश्वास ने अभी तक इस परंपरा को पूरा नहीं किया है, जिसके विरोध में वह दो दिन उसके गांव में डेरा डाले हुए हैं। आदिवासी समाज के लोग 2 लाख रूपये के सामान की मांग कर रहे हैं। वहीं युवक के परिजन 30 हजार रूपये देने की बात कर रहे हैं। गांव में चल रहे इस बवाल के चलते युवक-युवती को गांव से बाहर भेज दिया गया है।

Leave a Comment