भतीजी ने चाचा-चाची के खिलाफ बिल्ली चोरी की दर्ज कराई FIR !

सांकेतिक तस्वीर

उत्तराखंड के देहरादून में एक लड़की ने अपने चाचा और चाची के खिलाफ बिल्ली चोरी की FIR दर्ज करवाई है। लड़की का कहना है कि वह एक आवारा बिल्ली के बच्चों की देखभाल कर रही थी। मगर चाचा, चाची और उनके तीन बेटों ने उन बच्चों को चुरा लिया। फिर स्कूटी की डिग्गी में बंद करके कहीं छोड़ आए। जब उसने विरोध किया तो उसे वो लोग धमकाने लगे।

मामला धर्मपुर की नेहरू कॉलोनी का है। शिकायतकर्ता रश्मि धीमान निवासी धर्मपुर ने अपने चाचा उमेश धीमान, उनकी पत्नी सुमन धीमान और उनके बेटों शुभम धीमान, विशाल धीमान और सश्रम धीमान के खिलाफ मारपीट की धमकी देने और बिल्लियों के साथ क्रूरता का आरोप लगाया है।

रश्मि ने शिकायत में बताया कि 12-13 मार्च को एक बिल्ली अपने दो बच्चों के साथ उनके घर आई। वो अपने बच्चों को छोड़कर चली गई। रश्मि ने बिल्ली के बच्चों की देखभाल शुरू की। उनके चाचा उमेश धीमान और चाची सुमन धीमान उसी आंगन में अलग मकान में रहते हैं। उनको बिल्लियों से आपत्ति थी। रश्मि का आरोप है कि उनके चाचा ने बिल्ली के बच्चों को अपनी स्कूटी की डिग्गी में बंद कर कहीं छोड़ दिया। रश्मि ने इस बारे में अपनी चाची से बात की तो चाची और उनके तीनों बेटों ने रश्मि को घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी। रश्मि की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने बताया- मामला दर्ज कर लिया गया है। लड़की के चाचा, चाची और उनके तीनों बेटों से पूछताछ की जाएगी। सच्चाई का पता लगाया जाएगा। उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment