उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में एक नाबालिग हिंदू छात्रा के साथ ‘लव जिहाद’ की साजिश रचने वाला आरोपी इमरान खान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। इमरान खान एक मुस्लिम लड़की की मदद से हिंदू लड़कियों को फंसाता था। फिर उनके वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देता था। पीड़िता की मां ने दावा किया है कि इमरान खान ने करीब 10 हिंदू लड़कियों को अपने जाल में फंसाया था।
थाना तालग्राम पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने इमरान खान को घेर लिया था जिसके बाद उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में इमरान खान के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेज दिया। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
यह मामला 13 अक्टूबर 2025 का है। इमरान खान ने छात्रा के साथ पढ़ाई के दौरान प्रेम जाल बिछाया और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। वहां उसने छात्रा को जबरन बुर्का पहनाया, फोटो और वीडियो खींचे। इमरान खान ने नाबालिग पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और शादी करने के लिए मजबूर किया। छात्रा ने इनकार किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, छेड़छाड़ की कोशिश की और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी। तीन दिन पहले छात्रा किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर घर लौटी और परिजनों को पूरी घटना बताई।
घर लौटने के बाद भी इमरान खान ने पीछा नहीं छोड़ा। उसने फोन करके छात्रा को धमकाना शुरू कर दिया। शादी के लिए दबाव बनाया और जब छात्रा नहीं मानी तो उसकी इंस्टाग्राम पर बुर्का पहनाई हुई फोटो पोस्ट कर दी। कैप्शन लिखा- ‘हैप्पी वेडिंग एनिवर्सरी…’। इससे परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़िता के परिजनों ने तुरंत थाने में शिकायत दर्ज कराई। तहरीर के आधार पर थाना तालग्राम में BNS की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया और उसकी गिरफ्तारी के लिए SOG और थाना तालग्राम पुलिस की टीमें गठित की गईं।
25 साल का आरोपी इमरान खान तालग्राम थानांतर्गत ताहपुर गांव का रहने वाला है। वह गांव के ही एक प्राइवेट हॉस्पिटल में काम करता था और वहां इलाज के लिए आने वाली लड़कियों को निशाना बनाता था। पीड़िता की मां के मुताबिक, ‘इमरान खान एक मुस्लिम लड़की की मदद से हिंदू लड़कियों को फंसाता था। फिर उनके वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देता था।’ पीड़िता की मां ने दावा किया है कि इमरान ने करीब 10 हिंदू लड़कियों को अपने जाल में फंसाया था। हर बार बदनामी के डर से लड़कियों के परिजन मामले को दबा देते थे। लेकिन इस बार धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर इमरान ने लड़की और उसके परिवार वालों को जान से मारने की धमकी दे दी, जो उसके लिए भारी पड़ गई।
पुलिस जांच में इमरान खान के मोबाइल से कई लड़कियों के साथ फोटो, चैट और धोखाधड़ी के सबूत मिले हैं। आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, आईटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। अब पुलिस इमरान खान की मदद करने वालों की तलाश में जुटी है।
