भोपाल में महिला DSP के खिलाफ चोरी की FIR दर्ज, DSP फरार !!

DSP कल्पना रघुवंशी

मध्य प्रदेश के भोपाल में महिला DSP कल्पना रघुवंशी के ख़िलाफ़ चोरी का मामला दर्ज किया गया है। कल्पना रघुवंशी ने अपनी सहेली प्रमिला तिवारी के घर से दो लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फ़ोन चोरी किया। कल्पना रघुवंशी पहले कार्यवाहक DSP के पद पर थीं, लेकिन करीब डेढ़ साल तक बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर उन्हें डिमोट करते हुए फिर से इंस्पेक्टर बना दिया था।

कल्पना रघुवंशी और प्रमिला तिवारी के बीच छह साल पुराना संबंध है। दोनों की पहचान तब हुई थी, जब प्रमिला ने कल्पना की मां का गरीबी रेखा (BPL) कार्ड बनवाने में मदद की थी। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच नजदीकी बढ़ गई और एक-दूसरे के घर आना-जाना शुरू हो गया। प्रमिला तिवारी के अनुसार, 50 वर्षीय कल्पना रघुवंशी अविवाहित हैं और अपनी मां के साथ सरकारी आवास में रहती हैं।

प्रमिला तिवारी एक इंश्योरेंस कंपनी में काम करती हैं और सिंगल मदर हैं। उन्होंने बताया, “मैंने अपनी बच्ची की फ़ीस भरने के लिए पैसे निकाले थे। एक लाख रुपये अपने पिता से लिए थे और बाकी पैसे कुछ दोस्तों से उधार लिए थे। मेरी बेटी नीट परीक्षा की तैयारी कर रही है, उसके ट्यूशन के लिए ये पैसे निकाले थे।”

FIR के अनुसार, प्रमिला 24 सितंबर की शाम करीब 6.30 बजे अपना मोबाइल फ़ोन किचन में चार्ज पर लगाकर पूजा से पहले बाथरूम में नहाने चली गई थीं। उस वक्त घर का दरवाज़ा थोड़ा खुला था और उनकी बेटी दूसरे कमरे में पढ़ रही थी। प्रमिला ने आगे कहा, “जब मैं नहाकर बाहर आई तो देखा कि मोबाइल फ़ोन गायब था। घर के हॉल में रखे बैग में बच्ची की फ़ीस के लिए रखे दो लाख रुपये (500-500 रुपये के नोट की चार गड्डियां) भी गायब थे।”

इसके बाद प्रमिला तिवारी ने अपनी बेटी के साथ आसपास तलाश की और पड़ोसी के घर के सीसीटीवी कैमरे देखे। प्रमिला का कहना है कि फ़ुटेज में उनकी सहेली कल्पना रघुवंशी उनके घर में आती हुई दिखाई दीं। उन्होंने कहा, “जब वो अंदर आईं, तो उनके हाथ में कुछ नहीं था, लेकिन बाहर निकलते वक़्त उनके एक हाथ में पैसों की गड्डी और दूसरे में पर्स था। उन्होंने मेरा सैमसंग मोबाइल, जिसमें दो सिम कार्ड लगे थे और पैसे दोनों चोरी कर लिए।”

उन्होंने कहा, “चोरी से पहले वो सितंबर महीने में गणेश विसर्जन के दिन मेरे घर आई थीं। मेरे यहां खाना खाकर गई थीं।” उन्होंने कहा, “उस दिन कल्पना घर आईं, न तो फ़ोन किया और न ही डोरबेल बजाई। मुझे लगता है कि वो स्वाभाविक तौर पर अंदर आईं और बाहर मेरा पर्स रखा था और मौक़ा देखकर ये चोरी कर ली।”

भोपाल में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिट्टू शर्मा ने पत्रकारों को बताया, “फ़रियादी का मोबाइल फ़ोन आरोपी के घर से बरामद किया गया है। सीसीटीवी फुटेज, जो मीडिया में दिखाए जा रही है, उनमें आरोपी को घर में आते-जाते देखा जा सकता है और उनके हाथ में पैसे भी देखे जा सकते हैं।”

पुलिस मुख्यालय ने आरोपी अधिकारी के ख़िलाफ़ विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद से DSP कल्पना रघुवंशी फरार हैं।

Leave a Comment