भाजपा नेता के बेटे की कार से मिला था ड्रग्स, भाजपा नेता ने भी मुस्लिम बीवी की हत्या की की कोशिश, महिला आयोग का आदेश; फिर भी पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई

नागेंद्र चौधरी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उद्योग विभाग, ठाणे-पालघर के जिला उपाध्यक्ष नागेंद्र चौधरी पर डोम्बिवली की तिलकनगर पुलिस कुछ ज़्यादा ही मेहरबान है। नागेंद्र चौधरी के खिलाफ उसकी मुस्लिम बीवी निशा चौधरी ने बलात्कार की FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने नागेंद्र चौधरी को गिरफ्तार नहीं किया तो उसका हौसला बढ़ गया। उसने निशा चौधरी पर कई बार हमला करवाया। एक बार जलाकर मार डालने की कोशिश की। इतना ही नहीं नागेंद्र चौधरी के बेटे ऋतिक चौधरी की कार से पुलिस ने गांजा बरामद किया था। फिर भी उस पर कोई कार्रवाई नहीं की।

निशा (नागेंद्र चौधरी का रखा हुआ नाम) ने नागेंद्र चौधरी के खिलाफ डोम्बिवली पुलिस स्टेशन में 2 अप्रैल 2025 को IPC की धारा 323, 354, 376 (2)(N) और 506 के तहत FIR (नंबर 002/2025) दर्ज कराई है। ABI (abinewz.com) ने इस बाबत 14 मई 2025 को खबर भी प्रकाशित की थी। निशा चौधरी नागेंद्र चौधरी की दूसरी बीवी है। उषा चौधरी उसकी पहली बीवी हैं।

निशा चौधरी ने अब नागेंद्र चौधरी, उसके बेटे ऋतिक चौधरी और सहायक कर्मचारी लल्लन कन्नौजिया के खिलाफ हत्या की कोशिश की FIR दर्ज करने की शिकायत की है। घटनाक्रम के अनुसार 22 अप्रैल 2025 की सुबह 3 बजे निशा चौधरी की भंगार की दुकान में आग लग गयी थी। उसके कुछ दिन बाद नागेंद्र चौधरी का बेटा ऋतिक चौधरी थार कार (MH 05 FG 4147) लेकर भंगार की दुकान से कुछ दूरी पर खड़ा होकर निशा चौधरी यानि अपनी ‘माँ’ की तरफ देखकर मुस्कुरा रहा था। निशा चौधरी तिलकनगर पुलिस स्टेशन गयी। तकरीबन 7 पुलिसकर्मी निशा चौधरी के साथ आये। पुलिस को देख ऋतिक चौधरी भाग गया। उसके 3 साथी पकड़े गए। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से गांजा बरामद हुआ। पुलिस कार और उसके दोस्तों को लेकर पुलिस स्टेशन गयी लेकिन बिना कोई कार्रवाई किये उन्हें छोड़ दिया।

इधर निशा चौधरी का कहना है कि उनकी भंगार की दुकान में आग नागेंद्र चौधरी ने ही लगवाई थी। नागेंद्र चौधरी निशा चौधरी के साथ शारीरिक सम्बन्ध बनाने के लिए रात को भंगार की दुकान में ही सोता था। यह बात नागेंद्र चौधरी को मालूम थी कि निशा चौधरी अक्सर रात को भंगार की दुकान में सो जाया करती है। इसलिए उसने आग लगाकर उसे मार डालने की कोशिश की। संयोग से निशा चौधरी उस दिन दुकान में नहीं सोई थी।

निशा चौधरी ने 17 जुलाई 2025 को इस घटना की शिकायत की और जांच कर नागेंद्र चौधरी, ऋतिक चौधरी और लल्लन कन्नौजिया के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। लल्लन कन्नौजिया कपड़ा प्रेस करने का काम करता है। यह नागेंद्र चौधरी के PA का काम करता है और उसके हर अपराध में शामिल रहता है। लल्लन कन्नौजिया खुद को भाजपा विधायक सुलभा गणपत गायकवाड़ का करीबी बताता है और कहता है उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

तिलकनगर पुलिस ने जब कोई कार्रवाई नहीं की तो निशा चौधरी ने इसकी शिकायत महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग में कर दी। महिला आयोग ने 14 अक्टूबर 2025 को तिलकनगर पुलिस को पत्र लिखकर आरोपियों पर कार्रवाई का आदेश दिया। इस आदेश को आये भी एक महीने से ज़्यादा हो गए। तिलकनगर पुलिस ने महिला आयोग के आदेश को भी नज़रअंदाज़ कर दिया। महिला आयोग के आदेश की कॉपी ABI के पास है।

डोम्बिवली और तिलकनगर पुलिस की इसी उदासीनता का परिणाम है कि नागेंद्र चौधरी ने निशा चौधरी पर कई दफा प्राणघातक हमला करवाया। निशा चौधरी ने प्रत्येक बार पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने प्रत्येक बार NC दर्ज की अथवा उसे भगा दिया।

नागेंद्र चौधरी आदर्श पार्क, खंबाल पाड़ा, डोम्बिवली (पूर्व) में रहता है। यह भाजपा के उद्योग विभाग, ठाणे-पालघर का जिला उपाध्यक्ष है। नागेंद्र चौधरी का चचेरा भाई दिनेश चौधरी भी उत्तर प्रदेश में भाजपा का नेता है और जौनपुर के केराकत विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुका है। नागेंद्र चौधरी दिनेश चौधरी के नाम को भी मिस यूज करता है।

Leave a Comment