स्विट्जरलैंड में रह रहीं PHD स्कॉलर डॉ. रोहिणी घावरी, जो खुद को चंद्रशेखर आज़ाद की पूर्व गर्लफ्रेंड बताती हैं, ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नया ऑडियो क्लिप शेयर किया है। इस क्लिप में कथित तौर पर चंद्रशेखर की आवाज सुनाई दे रही है, जिसमें वे आगामी चुनावों में बीजेपी का समर्थन करने और सपा-कांग्रेस जैसे विपक्षी दलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कर रहे हैं।
चंद्रशेखर आजाद उत्तर प्रदेश के नगीना लोकसभा सीट से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के संस्थापक हैं। भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर की मुजफ्फरनगर के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में 26 नवंबर को प्रस्तावित संविधान रैली से पहले ही माहौल गरमा गया है। रोहिणी घावरी के पोस्ट और ऑडियो वायरल होने के बाद रैली को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। माना जा रहा है कि भारी भीड़ और पोलराइजेशन की संभावना के चलते पुलिस और प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं। रैली में रोहिणी स्वयं शामिल होंगी या नहीं, इस पर भी सस्पेंस बना हुआ है।
रोहिणी घावरी ने क्लिप शेयर करते हुए लिखा, “यह ऑडियो सांसद चंद्रशेखर आजाद का है, जिसमें वे स्पष्ट कह रहे हैं कि बीजेपी ने ही उन्हें सांसद बनाया। वे बोले, ‘भाजपा का साथ दूंगा, सपा की खाल उतार लूंगा.’ यह दलित आंदोलन के नाम पर साजिश का पर्दाफाश है।” ऑडियो की अवधि करीब 30 सेकंड है, जिसमें चंद्रशेखर कथित रूप से कहते सुनाई देते हैं, “इस चुनाव में जो मेरे खिलाफ जाएगा, चाहे वो समाजवादी पार्टी हो या कांग्रेस, उसकी खाल उतारूंगा। चाहे इसके लिए बीजेपी की मदद क्यों न करनी पड़े।” रोहिणी का दावा है कि यह रिकॉर्डिंग उनकी पुरानी वॉयस कॉल का हिस्सा है, जो उन्होंने निजी तौर पर रिकॉर्ड की थी।
यह विवाद पहली बार नहीं है। जून 2025 से रोहिणी घावरी लगातार चंद्रशेखर पर व्यक्तिगत और राजनीतिक आरोप लगाती रही हैं। उन्होंने उन पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने, कई अन्य महिलाओं के साथ धोखा देने और बीजेपी के इशारों पर दलित-मुस्लिम एकता को कमजोर करने का इल्जाम लगाया है। अक्टूबर में उन्होंने एक अन्य ऑडियो जारी किया था, जिसमें चंद्रशेखर कथित रूप से बसपा सुप्रीमो मायावती और संस्थापक कांशीराम पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते सुनाई देते थे। उस ऑडियो को चंद्रशेखर ने एआई-जनरेटेड बताकर खारिज कर दिया था और दिल्ली पुलिस में रोहिणी के खिलाफ मानहानि व धमकी का केस भी दर्ज कराया।
