हरियाणा के चरखी दादरी जिले के बाढड़ा उपमंडल में वाहन पंजीकरण संख्या HR-88-B-8888 को एक व्यवसायी ने 1.17 करोड़ में खरीदा। पिछले सप्ताह पंजीकरण संख्या एचआर-22डब्लू-2222 के लिए 37.91 लाख रुपये की बोली लगी थी।
इस फैंसी नंबर के लिए कुल 45 लोगों ने आवेदन किया था। यह बोली निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन प्रक्रिया के दौरान लगाई गई। इस हाई-प्रोफाइल बोली में भाग लेने के लिए बोलीदाताओं ने भागीदारी शुल्क के रूप में 1,000 और सुरक्षा राशि के रूप में 10,000 जमा किए थे। बुधवार को हुई नीलामी के दौरान दोपहर तक इसकी बोली 88 लाख रुपये पर थी। शाम 5 बजे नीलामी समाप्त होने से ठीक पहले बोली में भारी उछाल आया और यह 1.17 करोड़ रुपये पर जाकर रुकी।
बोली प्रक्रिया बुधवार को बंद हो गई। बुधवार शाम को 35-38 वर्षीय व्यवसायी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया कि वह भिवानी जिले के एक गांव से है और उसका परिवार अब हरियाणा के दूसरे जिले में रहता है। उन्होंने बताया कि फैंसी नंबर के लिए आरक्षित मूल्य या आधार मूल्य 50,000 रुपये था और उन्हें उम्मीद नहीं थी कि बोली इतनी ऊंची हो जाएगी और वे 1.17 करोड़ रुपये बोली लगाएंगे। व्यवसायी परिवहन व्यवसाय में हैं। उनकी एक सॉफ्टवेयर कंपनी भी है और वाणिज्यिक परिवहन के लिए परिवहन संबंधी मोबाइल ऐप विकसित कर रहे हैं।
इसी साल अप्रैल में केरल के एक तकनीकी अरबपति वेणु गोपालकृष्णन ने अपनी लेम्बोर्गिनी उरुस परफॉर्मेंट के लिए 45.99 लाख रुपये में एक वीआईपी नंबर प्लेट, “KL 07 DG 0007” खरीदी थी. इस नंबर के लिए बोली 25,000 रुपये से शुरू हुई और तेज़ी से बढ़ती गई, जिसके परिणामस्वरूप अंतिम कीमत ने रिकॉर्ड तोड़ दिया।
