अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाने का दावा दोहराया है। मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक कैबिनेट बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते अपनी बात कही। बैठक के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कहा कि जिन आठ युद्धों को उन्होंने खत्म करवाए, उनमें से हर एक के लिए उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए।
उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए कैबिनेट मीटिंग में कहा, “हमने आठ युद्ध खत्म किए… लेकिन अब एक और बाकी है, मैं उम्मीद करता हूं कि इसे भी खत्म कर देंगे।” ट्रंप ने आगे कहा, “हर बार जब मैं कोई युद्ध खत्म करता हूं, वे कहते हैं कि अगर ट्रंप ने ये युद्ध खत्म किया तो उन्हें नोबेल पुरस्कार मिलेगा। अगर मैं यह युद्ध खत्म कर दूं तो कहते हैं, अब इसके लिए नहीं, अगले के लिए मिलेगा। अब बोल रहे हैं कि अगर रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म हुआ तो नोबेल मिलेगा। तो बाकी आठ युद्धों का क्या? भारत-पाकिस्तान- सोचिए कितने युद्ध मैंने खत्म किए। मुझे हर युद्ध के लिए नोबेल मिलना चाहिए, लेकिन मैं लालची नहीं बनना चाहता।”
डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि उनका मकसद पुरस्कार नहीं, बल्कि जान बचाना है। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि 2025 की नोबेल शांति पुरस्कार विजेता, वेनेजुएला की कार्यकर्ता मारिया कोरीना मचाडो पेरिस्का ने भी कहा है कि वे इसके हकदार हैं।
बता दें कि ट्रंप 10 मई के बाद से 60 से अधिक बार यह दावा दोहरा चुके हैं कि भारत और पाकिस्तान के बीच “पूर्ण और तत्काल” युद्धविराम उनकी मध्यस्थता से संभव हुआ। उस दिन उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि वॉशिंगटन की बातचीत के बाद दोनों देशों ने समझौता कर लिया है। हालांकि नई दिल्ली लगातार किसी भी तीसरे पक्ष की दखलअंदाजी से इन्कार करती आई है।
