मैगी, पिज्जा, बर्गर, पास्ता ज्यादा खाने से 16 साल की छात्रा की मौत

 

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में चाऊमीन, मैगी, पिज्जा और बर्गर जैसे जंक फूड का लगातार सेवन करने से 16 साल की अहाना की मौत हो गयी है। आंतों में इन्फेक्शन के बाद उसकी हालत बिगड़ गयी। उसे एम्स ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

फास्ट फूड वह खाना होता है जो ज्यादा क्वांटिटी पर बनाया जाता है, ज्यादा प्रोसेस्ड होता है और बहुत जल्दी तैयार किया जाता है। इसमें पहले से तैयार या फ्रोजन सामान को डीप फ्राई, ग्रिल या माइक्रोवेव किया जाता है। आम फास्ट फूड में शामिल हैं—बर्गर, फ्राइज, डोनट्स, हॉट डॉग, फ्राइड चिकन, फिश एंड चिप्स, पिज्जा, कबाब और सब सैंडविच। इनमें आमतौर पर सैचुरेटेड फैट, शुगर, ज्यादा प्रोसेस्ड कार्बोहाइड्रेट और कैलोरी अधिक होती है, जबकि विटामिन, मिनरल और फाइबर कम होते हैं।

अमरोहा के मोहल्ला अफगानान निवासी किसान मंसूर खान की सबसे छोटी बेटी अहाना पढ़ाई में होनहार थी और हाशमी गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, अहाना को फास्ट फूड खाने का बेहद शौक था। घर में मना करने के बावजूद वह अक्सर बाहर का खाना खाती रहती थी। सितंबर महीने में अहाना की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और पेट में तेज दर्द शुरू हो गया। 30 नवंबर को परिजन उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां जांच में आंतों में कई जगह छेद होने की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने लंबे समय तक फास्ट फूड सेवन को ही इसकी मुख्य वजह बताया।

हालत गंभीर होने पर अहाना का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी मिल गई, लेकिन घर लौटने पर भी उसकी सेहत में सुधार नहीं हुआ। वह लगातार कमजोर होती चली गई. चार दिन पहले तबीयत फिर बिगड़ने पर परिजन उसे दिल्ली एम्स लेकर पहुंचे। एम्स में इलाज के दौरान कुछ समय के लिए हालत में सुधार हुआ, लेकिन रविवार रात अचानक हार्ट फेल होने से अहाना की मौत हो गई।

अहाना के मामा गुलजार खान उर्फ गुड्डू ने बताया कि डॉक्टरों ने साफ तौर पर फास्ट फूड को ही आंतों के खराब होने का कारण बताया है। अमरोहा सीएमओ सत्यपाल सिंह ने अहाना अहाना की मौत ज़्यादा फ़ास्ट फ़ूड खाने से होने की पुष्टि की है।

One Thought to “मैगी, पिज्जा, बर्गर, पास्ता ज्यादा खाने से 16 साल की छात्रा की मौत”

Leave a Comment