पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार ने माना ऑपरेशन सिंदूर में तबाह हुआ नूर खान एयरबेस, भारत ने 36 घंटों में कम से कम 80 ड्रोन दागे

 

पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा है कि ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान भारत ने 36 घंटों में कम से कम 80 ड्रोन दागे थे। इसके साथ ही उन्होंने कबूल किया है कि भारतीय ड्रोन हमलों में रावलपिंडी में स्थित नूर खान एयरबेस भी डैमेज हुआ। इशाक डार ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने 80 में से 79 को रोक लिया, लेकिन एक ड्रोन सैन्य ठिकाने से टकरा गया, जिससे कुछ लोग घायल हो गए।

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल के आतंकी हमले के बाद जवाबी कार्रवाई में भारतीय सेना ने 7 मई की सुबह ऑपरेशन सिन्दूर शुरू किया था। साल की अंतिम ब्रीफिंग में अब इस पर PAK के विदेश मंत्री इशाक डार ने बयान दिया है। नूर खान एयरबेस पर भारत के हमले की पुष्टि सबसे पहले प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने की थी। शाहबाज़ शरीफ के एडवाइजर राणा सनाउल्लाह ने भी माना था कि पाकिस्तान के पास आंकलन करने के लिए 30 से 45 सेकंड थे कि नूर खान की ओर भारत की मिसाइल में परमाणु हथियार था या नहीं। मई में ली गई सैटेलाइट तस्वीरों में कथित तौर पर पाकिस्तानी एयरबेस को काफी नुकसान दिखाया गया था। इसमें नूर खान, सरगोधा में मुशफ, भोलाड़ी और जैकोबाबाद में शाहबाज शामिल हैं। पाकिस्तान ने 10 मई को भारतीय मिसाइलों और ड्रोन से तीन एयरबेस को टारगेट बनाने की बात मानी थी।

नूर खान एयरबेस रावलपिंडी में स्थित पाकिस्तान वायुसेना का एक प्रमुख एयरबेस है। यह ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय हमलों द्वारा टारगेट किए 11 एयरबेस में से एक था। इनके अलावा सरगोधा, रफीकी, जैकोबाबाद और मुरीदके एयरबेस भी भारत की सैन्य कार्रवाई में तबाह हुए थे, जिन्हें बाद में पाकिस्तान ने रिपेयर कराया।

इशाक डार के बयान पर भारतीय सेना के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने जवाब दिया है। उन्होंने पाकिस्तान के ‘मामूली नुकसान’ के दावों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के एयरबेस बुरी तरह तबाह हुए। ढिल्लों ने पाकिस्तान की मीडिया रिपोर्ट्स का इशारा भी किया है। उन्होंने पाकिस्तानी न्यूज चैनल समा टीवी पर प्रकाशित 138 लोगों का जिक्र किया। इन्हें मरणोपरांत वीरता सम्मान से सम्मानित किया गया था। इससे पता चलता है कि पाकिस्तान ने आधिकारिक तौर पर जितने लोगों के मारे जाने की बात मानी है, उससे कहीं ज्यादा लोग मारे गए थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी नागरिकों द्वारा जारी वीडियो में नूर खान एयरबेस पर आग लगी हुई दिख रही है और सभी 11 टारगेटेडे एयरबेस को भारी नुकसान हुआ है।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी स्वीकार किया कि जनरल आसिम मुनीर ने उन्हें खुद उस रात के हमले की जानकारी दी थी। पाकिस्तान का यह कबूलनामा भारत की बढ़ती सैन्य ताकत और जीरो टॉलरेंस की नीति पर मुहर लगाता है। ऑपरेशन सिंदूर ने न केवल आतंकियों के आकाओं को सबक सिखाया, बल्कि वैश्विक मंच पर पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खोल कर रख दी।

2 Thoughts to “पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार ने माना ऑपरेशन सिंदूर में तबाह हुआ नूर खान एयरबेस, भारत ने 36 घंटों में कम से कम 80 ड्रोन दागे”

Leave a Comment