महिला वकील के साथ बलात्कार के आरोप में वकील गिरफ्तार

वकील मोहित कुहाड़

हरियाणा के पानीपत की कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाली एक महिला वकील के साथ बलात्कार करने के आरोपी वकील को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला वकील ने रेप, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकियों से परेशान होकर मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने वकील के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर शनिवार (27 दिसंबर) की रात आरोपी वकील को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वकील का मेडिकल करवाकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार मॉडल टाउन थाना निवासी एक महिला वकील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब 12 महीने पहले मोहित कुहाड़ नाम के वकील से उसकी मुलाकात हुई थी। जिसका उसके घर पर आना-जाना शुरू हो गया था। मोहित कुहाड़ ने मौका पाकर घर में ही दबाव बनाकर उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ शारीरिक सम्बन्ध बनाये। इतना ही नहीं, इसके बाद मोहित कुहाड़ ने महिला वकील की आपत्तिजनक फोटो खींच ली और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा।

पीड़िता के अनुसार, बदनामी के डर से वह मोहित कुहाड़ के संपर्क में रही। इस दौरान मोहित कुहाड़ ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित भी किया। उसने जबरन बाहर घूमने और अपने ऑफिस, जो बरसत रोड पर बताया गया है, वहां बुलाया। महिला वकील का आरोप है कि मोहित कुहाड़ ने ऑफिस में उसे जबरदस्ती शराब पिलाकर शारीरिक संबंध बनाया और मना करने पर बदनाम करने की धमकियां दीं। जब महिला वकील ने संबंध बनाने से इन्कार कर दिया तो मोहित कुहाड़ ने जान से मारने और फोटो वकीलों के बीच वायरल करने की धमकी दी।

इस बारे में मॉडल टाउन थाना प्रभारी उपनिरीक्षक जगमेंद्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही शनिवार (27 दिसंबर) की रात को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

One Thought to “महिला वकील के साथ बलात्कार के आरोप में वकील गिरफ्तार”

Leave a Comment