पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने अपने कार्यालय से जुड़े 26 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी की है। अधिकारियों और कर्मचारियों का गुनाह सिर्फ इतना था कि उन्होंने पुलिस अधीक्षक के आगे प्रभारी शब्द नहीं लगाया था।
बता दें कि पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई को गृह विभाग एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल ने 26 दिन की ट्रेनिंग पर हैदराबाद भेजा था। उनकी जगह 18वीं बटालियन शिवपुरी के कमांडेंट एवं वरिष्ठ आईपीएस आलोक कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक का प्रभार सौंपा था। अधीक्षक कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभागीय पत्रों और आदेशों में आलोक कुमार सिंह का पदनाम पुलिस अधीक्षक, टीकमगढ़ लिख दिया था। जब मनोहर सिंह मंडलोई ट्रेनिंग से लौटे और इन पत्रों को देखा, तो वे नाराज हो गए और तत्काल 26 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब देने को कहा।
मनोहर सिंह मंडलोई ने नोटिस में सवाल किया है कि उनकी अनुपस्थिति में जारी आदेशों में “प्रभारी पुलिस अधीक्षक” की जगह “पुलिस अधीक्षक” क्यों लिखा गया? इसी मुद्दे को लेकर पुलिस महकमे में हलचल मची हुई है। मनोहर सिंह मंडलोई की यह नोटिस सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रही है।
