JNU में वामपंथी छात्रों ने ‘मोदी-शाह तेरी कब्र खुदेगी, अम्बानी राज की कब्र खुदेगी, JNU की धरती पर’ के नारे लगाए

 

दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) परिसर में सोमवार रात छात्रों ने ‘मोदी-शाह तेरी कब्र खुदेगी’, ‘अंबानी राज की कब्र खुदेगी, JNU की धरती पर’ और ‘अडानी की कब्र खुदेगी, JNU की धरती पर’ जैसे नारे लगाए। ये नारे दिल्ली दंगे के आरोपी उमर खालिद और देशद्रोह के आरोपी शरजील इमाम के समर्थन में लगाए गए। JNU के चीफ़ सिक्युरिटी ऑफ़िसर ने वसंत कुंज पुलिस स्टेशन के SHO को पत्र लिखकर इस मामले में FIR दर्ज करने का निवेदन किया है।

सुप्रीम कोर्ट ने 5 जनवरी 2025 को उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। शरजील इमाम पर देशद्रोह का मुकदमा चल रहा है, क्योंकि उसने ‘चिकेन नेक’ को काटकर नॉर्थ ईस्ट को भारत से अलग करने की बात कही थी। वहीं, उमर खालिद पर दिल्ली दंगों में भूमिका को लेकर मामला चल रहा है। इस मामले में पाँच अन्य अभियुक्तों- गुलफ़िशा फ़ातिमा, मीरान हैदर, शिफ़ा उर रहमान, मोहम्मद सलीम ख़ान और शादाब अहमद को ज़मानत मिल गई है। सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एनवी अंजारिया की बेंच ने ये फ़ैसला सुनाया।

JNUSU ने साबरमती हॉस्टल के पास कार्यक्रम आयोजित किया था। जब JNU में विवादित नारे लगाए जा रहे थे, उस समय JNU छात्रसंघ के संयुक्त सचिव दानिश अली और सचिव सुनील मौके पर मौजूद थे। इसके अलावा वामपंथी संगठनों से जुड़े कई छात्र भी वहां एकत्र हुए थे। JNU छात्र संघ की अध्यक्ष अदिति मिश्रा ने इन नारों का बचाव किया है और कहा है साल 2020 में कैंपस में हुई हिंसा के विरोध में हर साल 5 जनवरी को ये कार्यक्रम किया जाता है।

विनीत जिंदल नाम के सुप्रीम कोर्ट के वकील ने भी दिल्ली पुलिस कमिश्नर को इस मामले में शिकायत दी है।

5 जनवरी, 2020 को कैंपस में हिंसा भड़क उठी थी, जब नक़ाबपोश लोगों की भीड़ ने कैंपस में घुसकर तीन हॉस्टलों में छात्रों को निशाना बनाया था। इन लोगों ने लाठियों, पत्थरों और लोहे की छड़ों से छात्रों पर हमला किया था और तोड़फोड़ की थी। इस घटना में परिसर में लगभग दो घंटे तक अराजकता फैली रही और जेएनयू छात्र संघ की तत्कालीन अध्यक्ष आइशी घोष समेत कम से कम 28 लोग घायल हुए थे।

One Thought to “JNU में वामपंथी छात्रों ने ‘मोदी-शाह तेरी कब्र खुदेगी, अम्बानी राज की कब्र खुदेगी, JNU की धरती पर’ के नारे लगाए”

Leave a Comment