बिहार सरकार महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बिहार भवन बनाएगी। भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में 314 करोड़ 20 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
बिहार भवन लगभग 0.68 एकड़ भूमि पर निर्मित किया जाएगा यह मुंबई के एलफिंस्टन एस्टेट (मुंबई पोर्ट ट्रस्ट क्षेत्र) में होगा। यह 30 मंजिली भव्य इमारत होगी। बेसमेंट के साथ इसकी ऊंचाई लगभग 69 मीटर होगी। इसके लिए बिहार सरकार ने 314.20 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी भी दे दी है। इस बिहार भवन का उपयोग सरकारी अधिकारियों, मेहमानों और जरूरतमंद नागरिकों के ठहरने के लिए होगा।
भवन में सरकारी बैठकों और कार्यक्रमों के लिए 72 सीटों की क्षमता वाला आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल भी विकसित किया जाएगा. इसके अलावा कैफेटेरिया, मेडिकल रूम और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। वाहन पार्किंग की समस्या को ध्यान में रखते हुए सेंसर आधारित स्मार्ट ट्रिपल और डबल डेकर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी, जिसमें एक समय में 233 वाहनों की पार्किंग संभव होगी।
