उत्तर प्रदेश के शिक्षकों को छुट्‌टी के दिन जबरन नहीं बुला सकेंगे डीआईओएस

 

उत्तर प्रदेश के माध्यमिक शिक्षकों को अब छुट्‌टी के दिन जबरन स्कूल नहीं बुलाया जा सकेगा। शासन ने इस संबंध में सख्ती दिखाते हुए स्पष्ट निर्देश जारी करने की तैयारी कर ली है। दरअसल, कई बार देखा गया कि जिला विद्यालय निरीक्षक यानी डीआईओएस छुट्टियों के दिन भी शिक्षकों को ड्यूटी के लिए बुला लेते थे, जबकि इस पर पहले भी रोक लगाने के आदेश दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद कई जगह इन आदेशों का सही पालन नहीं हो रहा था।

हाल के दिनों में कड़ाके की ठंड के चलते स्कूलों में छुट्टियां घोषित की गई थीं, लेकिन इसके बाद भी कुछ जिलों में शिक्षकों को काम के लिए बुलाया गया। कई मामलों में तो स्कूल खुलने का समय निकलने के बाद सूचना देकर शिक्षकों को बुलाया गया, जिससे नाराजगी बढ़ी। इसे लेकर शिक्षक संगठनों ने शासन और उच्च अधिकारियों से शिकायत की, साथ ही निदेशालय को भी जानकारी दी।

अब इस मामले को गंभीरता से लेते हुए माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने संबंधित डीआईओएस को पत्र भेजकर नाराजगी जताई है। साथ ही साफ किया है कि जल्द ही कड़े निर्देश जारी किए जाएंगे। नई व्यवस्था के तहत, यदि किसी छुट्टी के दिन शिक्षक को ड्यूटी पर बुलाना होगा तो उससे पहले संयुक्त शिक्षा निदेशक से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। वहीं, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रादेशिक उपाध्यक्ष डॉ आर पी मिश्रा का कहना है कि अगर शिक्षकों से छुट्टी के दिन काम लिया जाता है तो उन्हें इसके बदले प्रतिकर अवकाश यानी बदले में छुट्टी दी जानी चाहिए।

Leave a Comment