
महाराष्ट्र के नासिक शहर के मशहूर ज्योतिषी अशोक एकनाथ खरात को नासिक पुलिस की अपराध शाखा की यूनिट-1 ने बुधवार तड़के 4 बजे एक 35 वर्षीय एक महिला से बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। बताते हैं कि अशोक खरात एकनाथ शिंदे, दीपक केसरकर, राधाकृष्ण विखे पाटिल, रूपाली चाकणकर और पूर्व पुलिस कमिश्नर डॉ. सत्यपाल सिंह का भविष्य बताता था। यह खुद को कैप्टन और कॉस्मोलॉजी विशेषज्ञ कहलाना पसंद करता था।
बता दें कि अशोक खरात नासिक के कनाडा कॉर्नर इलाके में ‘ओकस प्रॉपर्टी डीलर एंड डेवलपर्स’ नाम से अपनी ऑफिस चलाता था। अशोक खरात की गिरफ़्तारी के बाद पुलिस ने उसकी इसी ऑफिस से एक पेन ड्राइव जब्त किया है जिसमें 58 आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं, जिससे हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का संदेह गहरा गया है। अशोक खरात ने अपनी ओकस प्रॉपर्टी डीलर एंड डेवलपर्स ऑफिस में गुप्त तरीके से सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे। आशंका जताई जा रही है कि वह महिलाओं को भविष्य का डर दिखाकर या अन्य प्रलोभन देकर उनके साथ अत्याचार करता था और उनके वीडियो रिकॉर्ड कर लेता था।
कैप्टन अशोक खरात के संबंध बड़े-बड़े राजनेताओं से रहे हैं। उसने उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, दीपक केसरकर, राधाकृष्ण विखे पाटिल, रूपाली चाकणकर और पूर्व पुलिस कमिश्नर डॉ. सत्यपाल सिंह का भी हाथ देखकर उनका भविष्य बताया था। यह कई सेलिब्रिटीज का भी ज्योतिषी रह चुका है।
अशोक खरात का दावा है कि वह मर्चेंट नेवी से सेवानिवृत्त अधिकारी है और 22 वर्षों तक उसने कई देशों की यात्रा की है। रिटायरमेंट के बाद उसने ब्रह्मांड की उत्पत्ति और रचना के अध्ययन का दावा किया और ज्योतिष के क्षेत्र में स्वर्ण पदक जीतने की बात कही। खुद को ज्योतिष और अंकशास्त्र का विशेषज्ञ बताता था।
अशोक खरात नासिक के सिन्नर तालुका के मिरगांव में श्री ईशान्येश्वर मंदिर ट्रस्ट का चेयरमैन है। वह ‘शिवनिका ट्रस्ट’ का प्रमुख भी है।
