निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के तहत सौंपी गई ड्यूटी से गायब रहने के आरोप में मुंबई में 14 शिक्षकों के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह FIR जनप्रतिनिधित्व अधिनियम (Representation of the People Act – RPA) के तहत दर्ज की गयी है।
FIR के अनुसार बोरीवली पूर्व स्थित मंगुभाई दत्तानी स्कूल के सात शिक्षक, अभिनव विद्यामंदिर स्कूल के छह शिक्षक और मालाड पूर्व स्थित टोपीवाला पुष्पापार्क नगर निगम स्कूल के एक शिक्षक को मागाठाणे विधानसभा क्षेत्र में SIR कार्य के लिए नियुक्त किया गया था। परन्तु चुनाव संबंधी जरूरी कार्य सौंपे जाने के बावजूद ये शिक्षक ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए।
उनकी अनुपस्थिति का कारण जानने के लिए नोटिस जारी किए गए। जब कोई जवाब नहीं मिला, तो दूसरी बार भी नोटिस भेजे गए। बार-बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद शिक्षकों द्वारा न तो कोई जवाब दिया गया और न ही चुनाव अधिकारियों से संपर्क किया गया। इसके बाद पुलिस में FIR दर्ज की गई।
FIR एक आरोपी शिक्षक महेश कुमार वेसावे ने मीडिया से कहा- हममें से कई लोगों को वास्तविक समस्याएं थीं। मैं शहर से बाहर था और ड्यूटी का समय चूक गया।
एक अन्य शिक्षक ने कहा- जो शिक्षक अनुपस्थित रहे, उन्हें कम से कम अपने पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी।
चुनाव अधिकारियों ने दहिसर और कस्तूरबा मार्ग पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराये हैं। अब तक तीन FIR दर्ज की जा चुकी हैं।
कस्तूरबा मार्ग पुलिस स्टेशन के पुलिस उपनिरीक्षक (PSI) चक्रधर शिंदे के अनुसार ने शिक्षकों को नोटिस जारी कर जांच अधिकारियों के समक्ष उपस्थित होने और अपनी अनुपस्थिति का कारण बताने को कहा गया है।
