सड़क की चौड़ाई के गलत आंकड़े पेश करने पर BMC के वार्ड इंजीनियर पर 1 लाख रुपये का जुर्माना

 

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने बांद्रा पश्चिम में सड़कों की चौड़ाई को लेकर भ्रामक रिपोर्ट पेश करने के मामले में एच-वेस्ट वार्ड के सहायक अभियंता दीपक घोलम पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। आरोप है कि उन्होंने सड़क की वास्तविक चौड़ाई से अलग आंकड़े पेश किए, जिससे एक बिल्डर को पुनर्विकास परियोजना में अतिरिक्त फ्लोर स्पेस इंडेक्स (FSI) का लाभ हासिल करने में मदद मिल सके।

यह जुर्माना 20 नवंबर 2026 को लगाया गया। यह कार्रवाई RTI कार्यकर्ता संतोष दौंडकर की 9 अक्टूबर 2025 को की गई शिकायत के आधार पर हुई। संतोष दौंडकर ने आरोप लगाया था कि बोरान रोड और गांवठान रोड के किनारे स्थित तीन भूखंडों से सटी सड़कों की चौड़ाई को राजनीतिक संरक्षण में BMC के रिकॉर्ड में गलत तरीके से दर्शाया गया, ताकि बिल्डरों को फायदा पहुंचाया जा सके।

इसके बाद एच-वेस्ट वार्ड के अधिकारियों ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान BMC में पुनर्विकास प्रस्तावों के साथ दर्ज सड़कों की चौड़ाई और मौके पर वास्तविक माप में अंतर पाया गया। पुनर्विकास प्रस्तावों में गांवठान रोड की चौड़ाई 6 मीटर और बोरान रोड की चौड़ाई 9 मीटर बताई गई थी, जबकि स्थल निरीक्षण में इनकी वास्तविक चौड़ाई क्रमशः 4.4 मीटर और 7.4 मीटर पाई गई। BMC के 8 जुलाई 2014 के पुराने रिकॉर्ड में भी गांवठान लेन की चौड़ाई 3.8 से 5 मीटर के बीच दर्ज थी।

दरअसल, सड़क की चौड़ाई किसी भी इमारत की अनुमत ऊंचाई, फ्लोर स्पेस इंडेक्स (FSI) और विकास नियंत्रण एवं प्रोत्साहन विनियम (DCPR) के तहत पुनर्विकास की पात्रता तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके अलावा, महाराष्ट्र अग्नि निवारण एवं जीवन सुरक्षा उपाय अधिनियम, 2006 में भी आपातकालीन वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सड़कों की न्यूनतम चौड़ाई निर्धारित की गई है। संतोष दौंडकर ने आरोप लगाया था कि सड़कों की चौड़ाई को गलत तरीके से दर्शाना इन दोनों नियमों का उल्लंघन है।

सहायक आयुक्त दिनेश पल्लेवाड़ के अनुसार 4 नवंबर 2025 को दीपक घोलम ने बोरान रोड के किनारे स्थित तीन भूखंडों से सटी सड़कों की चौड़ाई के संबंध में गलत राय दी थी। यह बृहन्मुंबई महानगरपालिका सेवा (आचरण) नियम, 1999 के नियम 3(1)(i) और 3(1)(ii) का उल्लंघन था।

उप नगर आयुक्त (जोन-III) ने 28 अक्टूबर 2025 को संबंधित इंजीनियर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। इसके बाद विभागीय स्तर पर संक्षिप्त जांच शुरू की गई और 9 जनवरी 2026 को दीपक घोलम को आरोपपत्र सौंपा गया।

अपना पक्ष रखने का अवसर दिए जाने के बावजूद इंजीनियर दीपक घोलम ने आरोपपत्र का कोई जवाब दाखिल नहीं किया। वहीं, संबंधित दस्तावेजों और परिस्थितियों की जांच के आधार पर उनके खिलाफ लगाए गए आरोप साबित पाए गए।

दंडात्मक कार्रवाई के तहत BMC ने दीपक घोलम के वेतन से 1 लाख रुपये की वसूली करने का आदेश दिया है। यह रकम 50-50 हजार रुपये की दो मासिक किस्तों में काटी जाएगी।

Leave a Comment