मुंबई में इमारत से मोबाइल टॉवर चोरी

सांकेतिक तस्वीर

मुंबई के उपनगर बोरीवली (पूर्व) स्थित एक हाउसिंग सोसाइटी में इमारत की छत पर लगा लाखों रुपये का मोबाइल टॉवर ही चोरी हो गया। उससे जुड़े उपकरण भी चोरी हो गए। मोबाइल टॉवर की कीमत 10 लाख रुपये है।

बोरीवली के न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत के आदेश पर कस्तूरबा मार्ग पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

GTL इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड में तकनीशियन के रूप में कार्यरत बाबू पोकले ने कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि के तौर पर इस मामले की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कंपनी की ओर से आधिकारिक शिकायतकर्ता के रूप में पुलिस में यह मामला दर्ज कराया।

जानकारी के अनुसार बोरीवली पूर्व स्थित मातृ आशीष को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी की इमारत पर वर्ष 2009 में मोबाइल टॉवर लगा था। पिछले साल मालूम पड़ा कि पूरा का पूरा टॉवर ही चोरी हो गया था। आसपास जांच करने पर सामने आया कि कुछ अज्ञात लोगों ने केवल मोबाइल टॉवर ही नहीं, बल्कि उसका शेल्टर, एसएमपीएस बैटरी बैंक, एयर कंडीशनर और अन्य तकनीकी उपकरण भी चोरी कर लिए थे।

बाबू पोकले ने पहले कस्तूरबा मार्ग पुलिस में शिकायत करनी चाही परन्तु पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की।

इसके घटना के बाद बाबू पोकले ने पहले प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में निजी शिकायत दाखिल की। इसके बाद अदालत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 156(3) के तहत पुलिस को मामला दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया।

फिलहाल अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि लाखों रुपये कीमत का मोबाइल टॉवर और उससे जुड़े महंगे उपकरण आखिर कहां गए और उन्हें किस तरह चोरी कर ले जाया गया।

Leave a Comment