केस जीतने जज की कुर्सी पर ‘काला जादू’

 

कर्नाटक के चिकबल्लापुर में एक 65 वर्षीय महिला पर सिविल कोर्ट के मुकदमे का फैसला अपने पक्ष में कराने के लिए जज की कुर्सी और मेज पर अभिमंत्रित सरसों छिड़ककर अंधविश्वास से जुड़ा टोना-टोटका करने का आरोप है। चिक्काबल्लापुर टाउन पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर कर लिया है। महिला चिक्काबल्लापुर शहर के वलसन्ना बीड़ी की रहने वाली है।

पुलिस अधीक्षक (SP) कुशल चौकसे के अनुसार, मंजुला नाम की एक महिला फर्स्ट एडिशनल सीनियर सिविल जज एवं JMFC कोर्ट के परिसर में दाखिल हुई और जज की कुर्सी पर कथित तौर पर मंत्र फूंके हुए सफेद सरसों के दाने छिड़क दिए। बता दें कि ये पूरी घटना कोर्ट में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। इस मामले के 2 दिन बाद जब CCTV फुटेज की जांच गई तो उस दौरान मंजुला की ये सारी हरकत सामने आई, जिसके बाद कोर्ट की मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नेत्रा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद मंजुला को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस द्वारा सख्ती से की गई पूछताछ में मंजुला ने बताया कि वह अपने केस का फैसला अपने पक्ष में चाहती थी, इसलिए उसने जज के चैंबर में जाकर टोना-टोटका किया। पुलिस ने मंजुला के खिलाफ कर्नाटक अमानवीय कुप्रथाओं और काला जादू की रोकथाम एवं उन्मूलन अधिनियम, 2017 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने मंजुला को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ये पता लगाने की भी कोशिश कर रही है कि इस मामले में क्या महिला के साथ और कोई भी शामिल था।

Leave a Comment