‘बेस्ट’ होगी और ‘बेस्ट’, मुंबई के 22 बस डिपो के आधुनिकीकरण का फैसला

 

बेस्ट उपक्रम को बढ़ते संचयी घाटे से उबारने और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगभग 28,000 करोड़ रुपये की आवश्यकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए बेस्ट प्रशासन ने राज्य सरकार की सहायता से मुंबई के बस डिपो का व्यापक आधुनिकीकरण करने का निर्णय लिया है।

यह प्रस्ताव अब मंजूरी के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के पास भेजा जाएगा और उसके बाद अंतिम स्वीकृति के लिए राज्य मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा। इस परियोजना के तहत 22 बस डिपो का आधुनिकीकरण किया जाएगा। साथ ही 36,000 निजी कारों की पार्किंग, खेल एवं सांस्कृतिक सुविधाएं, व्यावसायिक परिसर तथा सार्वजनिक उपयोग की इमारतें विकसित करने का प्रस्ताव भी शामिल है।

बेस्ट की महाप्रबंधक सोनिया सेठी ने बेस्ट समिति के सदस्यों के सामने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए एक सलाहकार नियुक्त किया जाएगा, जिसके माध्यम से निविदा प्रक्रिया पूरी की जाएगी और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस परियोजना को लेकर पहले ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के साथ विस्तृत चर्चा हो चुकी है।

बेस्ट की आर्थिक स्थिति फिलहाल बेहद नाजुक बनी हुई है। उपक्रम का संचयी घाटा 7,322 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि कुल देनदारियां 14,323 करोड़ रुपये हैं।

भविष्य में बेस्ट अपनी 5,000 बसें खरीदेगा। इन बसों के संचालन, कर्मचारियों और श्रमिक संगठनों की मांगों को पूरा करने के कारण उपक्रम पर 13,561 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। इस प्रकार मौजूदा आर्थिक संकट से बाहर निकलने के लिए कुल 28,000 करोड़ रुपये के वित्तीय सहयोग की जरूरत बताई गई है।

बेस्ट का परिवहन विभाग लगातार घाटे में चल रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रतिदिन औसतन 20.95 लाख यात्रियों ने बेस्ट बसों से सफर किया, लेकिन इसके बावजूद विभाग को 2,196 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। वहीं दूसरी ओर, बेस्ट का विद्युत विभाग लाभ में है। इस विभाग की आय 4,624 करोड़ रुपये रही, जबकि खर्च 4,509 करोड़ रुपये रहा।

बेस्ट प्रशासन ने यात्रियों, कर्मचारियों और श्रमिकों को राहत देने के उद्देश्य से मंगलवार को चार अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी। इनमें प्रमुख रूप से:

* 1,500 मिडी एसी बसें 12 वर्षों के लिए किराये पर लेने का निर्णय।
* स्थायी कर्मचारियों के साथ-साथ संविदा चालक और परिचालकों को भी अंतरिम वेतन वृद्धि देने के दो प्रस्तावों को मंजूरी।

परियोजना से होने वाले प्रमुख लाभ

* 22 बस डिपो का आधुनिकीकरण कर 10,000 बेस्ट बसों के संचालन की व्यवस्था।
* सभी बेस्ट कर्मचारियों के आवासों का उन्नयन।
* खेल, सांस्कृतिक सुविधाओं, कला केंद्र और संग्रहालय का विकास।
* स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़ी आधुनिक इमारतों का निर्माण।

Leave a Comment