मुंबई पुलिस ने बिहार में ड्रग सप्लायर को किया गिरफ्तार, नेपाल भागने की फिराक में था

 

मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) की वर्ली यूनिट ने बिहार के एक ड्रग सप्लायर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई लगभग 10.09 करोड़ रुपये मूल्य की 10.090 किलोग्राम चरस जब्त किए जाने के मामले में की गई। आरोपी की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल निवासी जाकिर हुसैन मोहम्मद इसाक (56) के रूप में हुई है।

क्राइम ब्रांच के अनुसार, आरोपी को स्थानीय पुलिस की मदद से बिहार में उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह कथित तौर पर नेपाल भागने की तैयारी कर रहा था। 17 अगस्त को ANC की वर्ली यूनिट की एक टीम ने मुंबई के बांद्रा ईस्ट स्थित बांद्रा टर्मिनस के पास एक व्यक्ति को रोका था। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10 किलो 90 ग्राम चरस जब्त की, जिसकी कीमत लगभग 10,09,00,000 रुपये आंकी गई।

इस मामले में निर्मल नगर पुलिस थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटांसेज (NDPS) अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
बाद की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने कथित तौर पर उस व्यक्ति के बारे में जानकारी दी, जिसने उसे चरस सप्लाई की थी।

जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर DCP पूर्णिमा चौगुले-श्रृंगी, ACP सुधीर हिरडेकर और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष सालुंखे ने ANC की वर्ली यूनिट ने पुलिस उपनिरीक्षक किरण वाघ और पुलिस उपनिरीक्षक रोहित सालवी के साथ अन्य पुलिसकर्मियों की एक टीम बनाई और संदिग्ध सप्लायर का पता लगाने के लिए उसे बिहार भेजा। स्थानीय पुलिस की मदद से ANC टीम ने आरोपी को बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी स्थित रक्सौल में ट्रेस किया।

23 अगस्त को पुलिस ने आरोपी को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह नेपाल भागने की तैयारी कर रहा था। क्राइम ब्रांच अब चरस के स्रोत तथा इसकी ढुलाई और वितरण में शामिल अन्य लोगों सहित पूरे ड्रग सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।

Leave a Comment