FDA ने IRCTC और ISKCON के रेस्टोरेंट पर भी की कार्रवाई

 

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों में गंभीर खामियां पाए जाने के बाद IRCTC और ISKCON जुहू से जुड़े कई खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की है।

FDA ने मुंबई और ठाणे में IRCTC से जुड़े पांच प्रतिष्ठानों तथा ISKCON जुहू परिसर में संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खराब स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के अनुचित भंडारण, कीटों से संबंधित समस्याएं, जाम नालियां, खाद्य एवं पेयजल की अपर्याप्त जांच तथा अनिवार्य रिकॉर्ड के अभाव जैसी कई खामियां सामने आईं।

IRCTC से जुड़े RK Associates & Hoteliers Pvt Ltd, कुर्ला पश्चिम का लाइसेंस 8 सितंबर से अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है। FDA ने 2 सितंबर को प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया था और बाद में दोबारा जांच की। अधिकारियों के अनुसार, दूसरी जांच में भी गंभीर कमियां पाए जाने के बाद लाइसेंस निलंबित करने का फैसला लिया गया।

इसके अलावा चार अन्य IRCTC से जुड़े प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें शामिल हैं- Om Sai Ram Enterprises, चेंबूर, Ambuj Hotels & Real Estate Pvt Ltd, चेंबूर, Express Food Services, पवई और Araha Hospitality Pvt Ltd, कोपरी कॉलोनी, ठाणे पूर्व।

FDA ने 3 सितंबर को ISKCON जुहू परिसर में भी निरीक्षण किया। यहां खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पाए जाने के बाद तीन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों और पीने के पानी की पर्याप्त जांच न होना, कच्चे और पके भोजन को अलग-अलग न रखना, जाम नालियां, पानी का जमाव और कीटों से संबंधित समस्याएं सामने आईं।

एक रेस्टोरेंट के स्टोर रूम में कथित तौर पर कीटों की बीट मिली। पीछे की रसोई का प्रवेश द्वार खुला पाया गया, जिससे कीटों के अंदर आने की आशंका थी। खाद्य पदार्थ संभालने वाले कर्मचारियों द्वारा निर्धारित सुरक्षात्मक कपड़े भी नहीं पहने गए थे। इसके अलावा कर्मचारियों की मेडिकल जांच, टीकाकरण और खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण से संबंधित रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे।

Govinda’s Restaurant में FDA अधिकारियों ने कच्चे माल की पर्याप्त जांच न होने, खाद्य पदार्थों को सही तरीके से अलग-अलग न रखने, ड्रेनेज की समस्याओं और कीट नियंत्रण व्यवस्था में खामियां पाए जाने की बात कही है।

कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस और खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण से जुड़े रिकॉर्ड में भी कमियां मिलीं।

FDA ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता, कीट नियंत्रण, खाद्य पदार्थों का उचित भंडारण, खाद्य-पानी की जांच और अनिवार्य रिकॉर्ड का रखरखाव महज औपचारिकता नहीं है।
जिन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं या जिन्हें सुधार नोटिस दिए गए हैं, उन्हें निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार सभी कमियां दूर करनी होंगी। कमियां दूर करने और नियामक मंजूरी मिलने के बाद ही उन्हें संचालन जारी रखने या दोबारा शुरू करने की अनुमति मिल सकेगी।

Leave a Comment