पाकिस्तानी पासपोर्ट के साथ उल्हासनगर का चांद अली अब्दुल राशिद सैयद गिरफ्तार

 

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर की हिल लाइन पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसके पास भारतीय और पाकिस्तानी दोनों पासपोर्ट मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने फर्जी और जाली दस्तावेजों के आधार पर पाकिस्तानी पासपोर्ट हासिल किया था। आरोपी की पहचान 38 वर्षीय चांद अली अब्दुल राशिद सैयद के रूप में हुई है। वह कल्याण के मलंगगढ़ इलाके में रहता है।

पुलिस के अनुसार, चांद अली अब्दुल राशिद सैयद को वर्ष 2009 में भारतीय पासपोर्ट जारी किया गया था। इसके बाद वह अपने रिश्तेदारों से मिलने पाकिस्तान गया और वहां जाली दस्तावेजों के आधार पर पाकिस्तानी पासपोर्ट हासिल कर लिया। वह करीब 4 से 5 साल तक पाकिस्तान में रहा।

चांद अली अब्दुल राशिद सैयद वर्ष 2024 में भारत वापस लौटा। पुलिस का आरोप है कि भारत लौटने के बाद उसने अपने पुराने भारतीय पासपोर्ट और पाकिस्तान में लंबे समय तक रहने की जानकारी छिपाकर नए भारतीय पासपोर्ट के लिए आवेदन किया।

इसके बाद मुंबई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने उसे 7 जनवरी 2025 से 6 जनवरी 2035 तक वैध नया भारतीय पासपोर्ट जारी किया। बताया गया है कि यह पासपोर्ट भी जाली दस्तावेजों के आधार पर हासिल किया गया। पासपोर्ट के सत्यापन के दौरान अधिकारियों को पता चला कि चांद अली अब्दुल राशिद सैयद के नाम पर पहले भी भारतीय पासपोर्ट जारी हो चुका है। इसके बाद उसके दस्तावेजों और पृष्ठभूमि की विस्तृत जांच की गई और पासपोर्ट अधिकारियों ने हिल लाइन पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने पिछले सप्ताह उसके घर से उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के करीब पांच साल तक पाकिस्तान में रहने की जानकारी सामने आने के बाद महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) को भी इसकी सूचना दी गई है। ATS यह पता लगाने के लिए समानांतर जांच कर रही है कि पाकिस्तान में रहने के दौरान आरोपी किसी अन्य गतिविधि या अपराध से जुड़ा था या नहीं।

पुलिस ने बताया चांद अली अब्दुल राशिद सैयद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336, 339 और 340, पासपोर्ट अधिनियम, 1967 की धारा 12(1)(a), 12(1)(b) और 12(3) तथा विदेशी अधिनियम, 1946 की धारा 14(b) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन धाराओं में फर्जी दस्तावेज तैयार करने या इस्तेमाल करने, पासपोर्ट एवं यात्रा दस्तावेजों से जुड़े अपराध तथा विदेशी नागरिकों से संबंधित प्रावधानों के उल्लंघन के मामले शामिल हैं।

पुलिस ने चांद अली अब्दुल राशिद सैयद को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Leave a Comment