मुंबई के सहार स्थित पांच सितारा होटल जे. डब्ल्यू. मैरियट के रेस्टोरेंट में डिनर कर रहे मशहूर कार्डियोलॉजिस्ट और फोर्टिस हेल्थकेयर के चेयरमैन डॉ. अशोक सेठ की टेबल पर एक कॉकरोच पहुंच गया। डॉ. अशोक सेठ ने इस घटना को लेकर होटल की स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया।
डॉ. अशोक सेठ शनिवार रात होटल के Romano Restaurant में डिनर कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी टेबल पर रखे खाने के बर्तनों के पास एक छोटा कॉकरोच घूमते हुए देखा। रविवार शाम उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना की जानकारी साझा की।
डॉ. अशोक सेठ ने व्यंग्यात्मक अंदाज में लिखा कि डिनर के दौरान अचानक एक अनचाहा मेहमान आ गया। उन्होंने कॉकरोच को ‘Roachie’ नाम देते हुए लिखा कि वह उनकी टेबल पर बैठकर उनके साथ डिनर करना चाहता था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी लिखा कि शायद उसे पास्ता नहीं, बल्कि पिज्जा खाना था।
डॉ. अशोक सेठ के मुताबिक, कॉकरोच के टेबल पर मौजूद रहने से उनकी भूख ही चली गई और उन्हें अपना डिनर बीच में छोड़कर रेस्टोरेंट से निकलना पड़ा। उन्होंने अपनी पोस्ट में FSSAI, जे. डब्ल्यू. मैरियट के रेस्टोरेंट डब्ल्यू मैरियट और महाराष्ट्र के फूड सेफ्टी कमिश्नर तुकाराम मुंढे को टैग किया। उन्होंने तुकाराम मुंढे की हालिया खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी कार्रवाई का जिक्र करते हुए लिखा कि वे ‘मुंढे के क्षेत्र’ में हैं और उम्मीद है कि इस मामले पर भी ध्यान दिया जाएगा।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब मुंबई समेत महाराष्ट्र में होटल और रेस्टोरेंट में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर कार्रवाई पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है। डॉ. अशोक सेठ की पोस्ट में भी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि घटना के बाद होटल में किसी तरह का निरीक्षण हुआ या कोई कार्रवाई की गई।
