यशपाल शर्मा
हरियाणा के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने फिल्म अभिनेता यशपाल शर्मा के सगे भाई राजेश कुमार को हिसार में 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। राजेश कुमार जल सेवा मंडल में सहायक राजस्व लिपिक के पद पर कार्यरत हैं।
ACB के अनुसार राजगढ़-चंडीगढ़ हाईवे के किनारे स्थित कृषि भूमि पर विकसित एक कॉलोनी के लिए नहर के पानी से सिंचाई की व्यवस्था से संबंधित ऑक्युपेंसी सर्टिफिकेट/कमांड एरिया ऑथोराइजेशन (CAA) जारी कराने के बदले राजेश कुमार ने शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद ACB की हिसार टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जाल बिछाया। जैसे ही राजेश कुमार ने शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।
ACB के जांच अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि आर्य नगर निवासी राकेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनके गांव में राजगढ़-चंडीगढ़ हाईवे के किनारे स्थित कृषि भूमि पर विकसित एक कॉलोनी के लिए नहर के पानी से सिंचाई की व्यवस्था से संबंधित ऑक्युपेंसी सर्टिफिकेट/कमांड एरिया ऑथोराइजेशन (CAA) जारी कराने के बदले राजेश कुमार ने उनसे 3 हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायत मिलते ही हांसी स्थित ACB उप-केंद्र की टीम ने कार्रवाई की और राकेश कुमार से पैसे लेते समय राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। ACB अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हिसार डिवीजन के स्टेट विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन ब्यूरो थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत FIR दर्ज की गई है।
राजेश कुमार फिल्म अभिनेता यशपाल शर्मा का सगा भाई है। यशपाल शर्मा हरियाणवी सिनेमा में अपने काम के लिए जाने जाते हैं। वह चर्चित हरियाणवी फिल्म ‘दादा लखमी’ के निर्माण से भी जुड़े रहे हैं।
