दिव्या शिंदे
एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रचार का मेहनताना मांगने के नाम पर 65 वर्षीय सेवानिवृत्त चिकित्सा अधिकारी के घर में घुसकर दहशत फैलाने के आरोप में विवादित सोशल मीडिया रील स्टार दिव्या शिंदे की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एक बुजुर्ग को कथित तौर पर पीटकर उनसे 5 लाख रुपये की रंगदारी वसूलने की कोशिश का गंभीर आरोप है। इस मामले में कालेपड़ाल पुलिस थाने में दिव्या शिंदे, उसके साथी अन्ना उर्फ आप्पा ढमढेरे और 8 से 10 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता डॉ. विद्याधर गायकवाड़ (65) पुणे कैंटोनमेंट अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद पर लंबे समय तक सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। वर्तमान में वह ‘करुणादीप फाउंडेशन’ के सामाजिक कार्यों से जुड़े हुए हैं। इस संस्था की ओर से पुणे के प्रसिद्ध बालगंधर्व रंगमंदिर में ‘कला आविष्कार महोत्सव’ का आयोजन किया गया था। दिव्या शिंदे और उसके साथियों ने दावा किया कि उन्होंने इस कार्यक्रम के प्रचार का काम किया था और इसके बदले डॉ. विद्याधर गायकवाड़ से 5 लाख रुपये की मांग की थी।
डॉ. विद्याधर गायकवाड़ द्वारा रकम देने से इन्कार करने के बाद आरोप है कि संदिग्धों ने दबंगई दिखाते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक, पैसे देने से इन्कार करने से नाराज दिव्या शिंदे 8 से 10 लोगों के साथ डॉ. विद्याधर गायकवाड़ के घर में जबरन घुस गई। आरोपियों ने घर में हंगामा किया, सामान में तोड़फोड़ की और बुजुर्ग डॉ. विद्याधर गायकवाड़ के साथ मारपीट करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
सोशल मीडिया पर रील्स के जरिए सुर्खियों में आई दिव्या शिंदे इससे पहले भी अपने विवादित व्यवहार को लेकर चर्चा में रही हैं। ‘बिग बॉस मराठी’ के घर में सह-प्रतियोगियों को धमकाने के गंभीर आरोपों के बाद फरवरी 2026 में उन्हें शो से अचानक बाहर कर दिया गया था।
