सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए एक महिला का रेलवे ट्रैक पर रील बनाना विवादों में आ गया है। वीडियो में महिला खड़ी ट्रेन के इंजन से अपनी साड़ी का पल्लू बांधकर रेलवे ट्रैक पर डांस करती नजर आ रही है।
वायरल वीडियो में महिला साड़ी और सनग्लासेस पहने दिखाई देती है। वह गाने पर लिप-सिंक और डांस करते हुए बॉलीवुड शैली के सीन को दोहराने की कोशिश करती नजर आती है। इस दौरान ट्रेन खड़ी दिखाई दे रही है। ट्रेन के इंजिन पर गाजियाबाद लिखा है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने रेलवे ट्रैक को रील के लिए इस्तेमाल करने पर चिंता जताई। कुछ लोगों ने RailwaySeva और रेल मंत्रालय को टैग कर मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की।
वीडियो के साथ साझा किए गए कैप्शन में सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के लिए जोखिम उठाने की प्रवृत्ति पर सवाल उठाया गया। एक यूजर ने लिखा, “कृपया इस वीडियो की जांच करें और उचित कार्रवाई करें।”
रेलवे ट्रैक और ट्रेनों के आसपास का क्षेत्र अनधिकृत शूटिंग के लिए सुरक्षित नहीं है। ट्रेन खड़ी होने पर भी उसके आसपास मौजूद जोखिमों को नजरअंदाज करना गंभीर हादसे का कारण बन सकता है।
