गोड्डा मिशनरी स्कूल में फादर ने महिला का किया रेप, FIR दर्ज

 

झारखंड के गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के तिलाबाद स्थित एक मिशनरी स्कूल के फादर के खिलाफ एक महिला ने बलात्कार और गर्भपात की की FIR दर्ज कराई है। महिला ने आरोपी फादर जोसफ सोरेन पर इलाज के नाम पर किए गए 60 हजार रुपये खर्च होने की बात कहकर वसूली की धमकी देने का भी आरोप लगाया है. मामला सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के तिलाबाद का है.

फादर जोसफ सोरेन संत अलफोंसा विद्यालय का प्रिंसिपल भी है। 19 जून 2026 को किचन में सब्जी बनाते समय फादर ने उन्हें अपने बेडरूम में बुलाकर पहली बार बलात्कार किया। घटना के बाद से फादर जोसफ सोरेन फरार हो गया है। सुंदरपहाड़ी थाने में इसे लेकर कांड संख्या 33/26 दर्ज की गई है.

32 वर्षीय पीड़िता की ओर से दिए गए आवेदन के अनुसार, उसे गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र स्थित तिलाबाद मिशन में रसोइया का काम दिलाने के बहाने बुलाया गया था। 7 जून 2026 को वह अपने पति के साथ तिलाबाद मिशन पहुंची थीं। महिला को 9,000 रुपये और उनके पति को 7,000 रुपये मासिक वेतन देने पर सहमति बनी थी।

महिला ने आवेदन में आरोप लगाया है कि 15 जुलाई 2026 को भी उनके साथ जबरदस्ती की गई। बाद में गर्भ ठहरने की जानकारी देने पर उन्हें गर्भपात की दवा का किट दिया गया। दवा लेने के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। पीड़िता के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को सरकंडा में उनके गर्भाशय की सफाई कराई गई। हालत गंभीर होने पर गोड्डा के एक निजी अस्पताल में उन्हें एक यूनिट खून भी चढ़ाना पड़ा। महिला का आरोप है कि इलाज में करीब 60 हजार रुपये खर्च होने की बात कहकर फादर ने उनसे पैसे वसूलने की धमकी दी। उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए परेशान करने और ब्लैकमेल करने का आरोप भी लगाया है।

महिला का आरोप है कि गर्भाशय की सफाई कराने से इन्कार करने पर उसे नौकरी से निकालने की धमकी भी दी जाती थी। इस बाबत गोड्डा के एसडीपीओ आकाश भारद्वाज ने प्राथमिकी दर्ज होने और जांच की बात कही है।

Leave a Comment