मुंबई की MPID कोर्ट ने अहमदाबाद की महिला वकील की अग्रिम जमानत याचिका खारिज की

 

मुंबई की विशेष एमपीआईडी (MPID) अदालत ने निवेश धोखाधड़ी के मामले में अहमदाबाद की 45 वर्षीय वकील रुचिता केडिया की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। इस मामले में एम.एच. इंफ्राप्रोजेक्ट्स लिमिटेड (MHIL) और उसकी सहयोगी कंपनी अविष्कार बिल्डकॉन LLP की भूमिका की जांच की जा रही है।

अभियोजन पक्ष के मुताबिक, संबंधित कंपनियों ने वर्ष 2017 में एक संपत्ति दूसरी कंपनी के पास गिरवी रखी थी। डिबेंचर के पैसे की सुरक्षा के लिए यह संपत्ति अब भी गिरवी थी। आरोप है कि इस संपत्ति को गिरवी रखने संबंधी दस्तावेज रद्द करने के लिए एक फर्जी कैंसिलेशन डीड (निरस्तीकरण दस्तावेज) भी तैयार किया गया था।
इस पूरे मामले में अविष्कार बिल्डकॉन की लीगल कंसल्टेंट के तौर पर काम करने वाली रुचिता केडिया पर आरोप है कि उन्होंने उक्त कैंसिलेशन डीड की सॉफ्ट कॉपी कई बार व्हाट्सऐप के जरिए MHIL के निदेशक और मामले के आरोपी नंबर-3 नील ठक्कर के मोबाइल फोन पर भेजी थी।

हालांकि, अग्रिम जमानत की मांग करते हुए रुचिता केडिया ने अपने बचाव में कहा कि वह न तो इस दस्तावेज की निर्माता थीं और न ही उस पर उनके हस्ताक्षर थे। उन्होंने केवल अपने व्हाट्सऐप अकाउंट के जरिए दस्तावेज को आगे भेजा था।

वहीं, अभियोजन पक्ष ने उनकी जमानत याचिका का विरोध करते हुए अदालत को बताया कि अहमदाबाद स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय ने पुष्टि की है कि वहां इस तरह की कोई कैंसिलेशन डीड पंजीकृत नहीं हुई थी। अभियोजन ने यह भी आरोप लगाया कि वकील रुचिता केडिया ने जांच के लिए जो मोबाइल फोन पेश किया था, वह फोन नहीं था, जिसका इस्तेमाल दस्तावेज भेजने के लिए किया गया था।

अदालत ने अपने आदेश में कहा कि तलाशी के दौरान रुचिता केडिया के कार्यालय में उनकी टेबल की दराज से फर्जी कैंसिलेशन डीड का एक ड्राफ्ट बरामद हुआ था। अदालत ने यह भी गौर किया कि जिस मोबाइल फोन से दस्तावेज भेजे जाने का आरोप है, उसे जांच अधिकारी को सौंपने के बजाय वकील रुचिता केडिया ने कोई दूसरा मोबाइल फोन पेश किया था।

अग्रिम जमानत देने से इन्कार करते हुए अदालत ने कहा कि यह पता लगाने के लिए वकील रुचिता केडिया से हिरासत में पूछताछ (कस्टोडियल इंटेरोगेशन) जरूरी है कि फर्जी दस्तावेज किसने तैयार किया और उसे कहां बनाया गया।

अदालत ने माना कि प्रथम दृष्टया वकील रुचिता केडिया का आचरण अपराध में उनकी संलिप्तता की ओर इशारा करता है। साथ ही, जांच में उनके द्वारा उचित सहयोग नहीं किए जाने की बात सामने आयी।

Leave a Comment