मुंबई में 26/11 आतंकी हमलों की बरसी से कुछ दिन पहले महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) ने 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। उस पर कोलाबा इलाके में स्थित चबाड़ हाउस समेत कई संवेदनशील स्थानों की रेकी करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि उसने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हैंडलर्स के निर्देश पर यह काम किया था।
यह गिरफ्तारी 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमलों की 18वीं बरसी से पहले हुई है। उन हमलों में 175 लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब 300 लोग घायल हुए थे।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान यश सिंह के रूप में हुई है, जो नवी मुंबई के ऐरोली का रहने वाला है। ATS के मुताबिक, आरोपी ने संवेदनशील स्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, वाहनों और यहूदी समुदाय के नागरिकों तथा विदेशी नागरिकों से जुड़े संस्थानों की तस्वीरें खींची थीं।
ATS की नवी मुंबई यूनिट को खुफिया जानकारी मिली थी कि यश सिंह सोशल मीडिया के जरिए भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल संदिग्ध लोगों के संपर्क में है। इसके बाद एजेंसी ने उसकी जांच शुरू की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसे आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हैंडलर्स ने रेकी करने की जिम्मेदारी सौंपी थी और इसके बदले उसे पैसे भी दिए गए थे।
जांचकर्ताओं को यह भी पता चला कि यश सिंह टेलीग्राम के जरिए एक समूह के संपर्क में था। उसकी कथित संलिप्तता के तार केरल के त्रिशूर ईस्ट पुलिस स्टेशन में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत दर्ज एक मामले में पहले से गिरफ्तार आरोपी से जुड़े पाए गए।
इसके बाद नवी मुंबई ATS ने त्रिशूर पुलिस को इसकी जानकारी दी। केरल पुलिस की एक टीम नवी मुंबई पहुंची और यश सिंह से पूछताछ की। केरल में दर्ज मामले में उसकी भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
ATS अधिकारियों के मुताबिक, शहजाद भट्टी नेटवर्क समेत अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर बेरोजगार युवाओं और आर्थिक तंगी से जूझ रहे लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। उन्हें रेकी और अन्य विध्वंसक गतिविधियों के लिए पैसों का लालच दिया जाता है।
ATS ने युवाओं और उनके परिवारों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर अनजान अकाउंट से आने वाले संदेशों और संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें या जानकारी देने के बदले पैसे देने के प्रस्तावों से सतर्क रहें।
