दिल्ली पुलिस द्वारा अभिनेता अमिताभ बच्चन पर संभावित हमले की साजिश नाकाम करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किए जाने के कुछ दिनों बाद अब गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी ढिल्लों ने अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी दी है। जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के सहयोगी गोल्डी ढिल्लों ने 1984 के सिख विरोधी दंगों के कथित आरोपियों को भी निशाना बनाने की धमकी दी है।
गोल्डी ढिल्लों ने अंग्रेजी अक्षरों में पंजाबी भाषा में फेसबुक पर एक पोस्ट लिखकर कहा कि दिल्ली पुलिस की दो गिरफ्तारियों से बच्चन परिवार को निशाना बनाने की उनकी योजना पर कोई असर नहीं पड़ा है। मुंबई में उसके 200 सहयोगी सक्रिय हैं और हमले के लिए तैयार हैं। उसने यह भी कहा कि बुलेटप्रूफ केबिन भी अभिनेताओं की सुरक्षा नहीं कर सकता। उसका इशारा अमिताभ बच्चन के हालिया उस वीडियो की ओर था, जिसमें वह अपने बंगले ‘जलसा’ के बाहर बुलेटप्रूफ शीशे से बने घेरे के भीतर से प्रशंसकों का अभिवादन करते नजर आए थे। हाल में हमले की धमकियां मिलने के बाद उन्होंने यह व्यवस्था की थी।
गोल्डी ढिल्लों पर पंजाब और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में हत्या और जबरन वसूली जैसे गंभीर अपराधों के आरोप हैं। मार्च 2024 में चंडीगढ़ के कारोबारी कुलदीप सिंह से रंगदारी मांगने का मामला भी उसके खिलाफ दर्ज है। इसके बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए 10 लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की थी। जुलाई 2026 में इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर उसे स्पेन के मैड्रिड में गिरफ्तार किया गया था। उसे भारत प्रत्यर्पित कराने की कोशिशें जारी हैं।
गिरफ्तारी के बावजूद कथित गैंगस्टर इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल कैसे कर रहा है, यह स्पष्ट नहीं है। उसकी यह पोस्ट दिल्ली पुलिस द्वारा दो गैंगस्टरों को गिरफ्तार किए जाने के कुछ दिनों बाद सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जालंधर निवासी विकास ठाकुर उर्फ विक्की और पंजाब के तरणतारण निवासी दीपक सिंह उर्फ दीप के रूप में हुई है।
इन गिरफ्तारियों के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के उपायुक्त (डीसीपी) नर्रा चैतन्य ने बताया था कि विकास ठाकुर एक कारोबारी को निशाना बनाकर रंगदारी से जुड़ी गोलीबारी की वारदात को अंजाम देने के लिए मुंबई से दिल्ली आया था। दीपक सिंह को बाद में उसके साथ जुड़ना था।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, दीपक सिंह 3 अक्टूबर को अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मधुसूदन सिंह उर्फ मैड संधू की हत्या के बाद मुंबई में छिपा हुआ था। उसे अमिताभ बच्चन के घर के बाहर प्रस्तावित गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के लिए लंबे समय तक मुंबई में ही रुकने का निर्देश दिया गया था।
पिछले कुछ समय में कम से कम तीन ईमेल के जरिए महानायक अमिताभ बच्चन और उनके आवास पर हमले की धमकियां दी जा चुकी हैं। सबसे ताजा धमकी भरा ईमेल 12 नवंबर को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को मिला था। इसमें बच्चन के बंगले, पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा, महापौर कार्यालय और छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) समेत कई स्थानों पर बम विस्फोट करने की धमकी दी गई थी।
इससे पहले 6 नवंबर को भी इसी तरह का ईमेल मिला था। वहीं, 23 अक्टूबर को महापौर ऋतु तावड़े और उपमहापौर संजय घाड़ी को भेजे गए ईमेल में महापौर कार्यालय, अमिताभ बच्चन के बंगले और महालक्ष्मी रेसकोर्स को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। महालक्ष्मी रेसकोर्स में 27 नवंबर को गायक दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट प्रस्तावित है।
ईमेल में दावा किया गया था कि जुहू स्थित अमिताभ बच्चन के घर को 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच निशाना बनाया जाएगा। इसके अलावा 31 अक्टूबर को एक स्कूल पर ग्रेनेड हमले की भी धमकी दी गई थी।
लगातार मिल रही बम धमकियों के बाद अमिताभ बच्चन ने अपने आवास के बाहर हर सप्ताह प्रशंसकों से मिलने के दौरान बुलेटप्रूफ शीशे से बने सुरक्षा घेरे के भीतर से उनका अभिवादन करना शुरू कर दिया है। इससे पहले वह पहियों वाले एक ऊंचे प्लेटफॉर्म पर खड़े होकर प्रशंसकों का अभिवादन करते थे। उस प्लेटफॉर्म के चारों ओर बुलेटप्रूफ शीशे की सुरक्षा नहीं थी।
