टोरेस ज्वेलरी घोटाले में उक्रेनियन ओलेक्सांद्र जापिचेंको रोमानिया से मुंबई लाया गया

 

टोरेस ज्वेलरी घोटाला मामले में आरोपी यूक्रेन के नागरिक 38 वर्षीय ओलेक्सांद्र जापिचेंको को भारत प्रत्यर्पित कर दिया गया है। अब मुंबई में हजारों निवेशकों के साथ धोखाधड़ी के मामले में उस पर मुकदमा चलेगा।

ओलेक्सांद्र जापिचेंको को उसके खिलाफ इंटरपोल द्वारा जारी रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर रोमानिया में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक टीम उसे मुंबई लेकर आई। ED इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू की जांच कर रही है।

भगोड़ों के प्रत्यर्पण और निर्वासन के मामलों में नोडल एजेंसी केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इस प्रक्रिया को पूरा कराने में अहम भूमिका निभाई। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, हाल के वर्षों में किसी तीसरे देश से विदेशी नागरिक को भारत लाने का यह दूसरा मामला है। इससे पहले अगस्तावेस्टलैंड VVIP हेलिकॉप्टर घोटाले के आरोपी ब्रिटिश नागरिक क्रिश्चियन मिशेल को दिसंबर 2018 में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत प्रत्यर्पित किया गया था।

टोरेस ज्वेलरी घोटाला जनवरी 2025 में सामने आया था। कंपनी की ओर से वादे के मुताबिक रिटर्न देना बंद करने के बाद घबराए हुए निवेशक दादर, ठाणे और नवी मुंबई स्थित टोरेस ज्वेलरी के शोरूम के बाहर जमा हो गए थे। कंपनी ने कम कीमत वाले सिंथेटिक मोइसानाइट पत्थरों को महंगे रत्न बताकर बेचते हुए निवेशकों को अपनी फर्जी निवेश योजनाओं में पैसा लगाने के लिए लुभाया था।

CBI के मुताबिक, ED करीब 177 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच कर रही है। ओलेक्सांद्र जापिचेंको पर आरोप है कि वह निवेशकों से जमा की गई नकदी को क्रिप्टोकरेंसी में बदलने की प्रक्रिया में सीधे तौर पर शामिल था। ED की चार्जशीट में ओलेक्सांद्र जापिचेंको समेत 13 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें से ज्यादातर यूक्रेन के नागरिक हैं, जो घोटाले का खुलासा होने से कुछ दिन पहले ही विदेश भाग गए थे।

ED के अनुसार, ओलेक्सांद्र जापिचेंको और उसकी सह-आरोपी यूक्रेनी नागरिक ओलेना स्टोयान को भारत में टोरेस ज्वेलरी चेन की होल्डिंग कंपनी प्लेटिनम हर्न प्राइवेट लिमिटेड (Platinum Hern Pvt Ltd) के वित्तीय ढांचे को तैयार करने और मनी लॉन्ड्रिंग की गतिविधियों का कथित मास्टरमाइंड माना जाता है। अप्रैल में भारत ने मोल्दोवा से ओलेना स्टोयान के प्रत्यर्पण की मांग की थी। उसे वहां पहले से लंबित रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर हिरासत में रखा गया है।

मनी लॉन्ड्रिंग की जांच जनवरी 2025 में मुंबई, मीरा रोड और नवी मुंबई में टोरेस की मूल कंपनी प्लेटिनम हर्न के खिलाफ दर्ज विभिन्न FIR के आधार पर शुरू की गई थी। इस मामले की मुख्य FIR दादर के शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में दर्ज हुई थी। यह शिकायत सब्जियों के थोक व्यापारी प्रदीपकुमार वैश्या ने दर्ज कराई थी। उन्होंने अपने परिवार और दोस्तों के साथ मिलकर टोरेस की निवेश योजनाओं में 4.55 करोड़ रुपये लगाए थे।

मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की जांच में पता चला कि अकेले दादर स्थित टोरेस ज्वेलरी के प्रमुख शोरूम ने 15,018 निवेशकों से करीब 149.66 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की थी। इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। तीन आरोपी, जिनमें ओलेना स्टोयान समेत दो विदेशी नागरिक शामिल हैं, के विदेश में होने का संदेह है।

ED के एक अधिकारी ने कहा, “ओलेक्सांद्र जापिचेंको उर्फ ​​’एलेक्स’ को रोमानिया से भारत प्रत्यर्पित किया जाना जांच में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। यह दर्शाता है कि ED बड़े आर्थिक अपराधों में शामिल फरार आरोपियों का पीछा करने और उन्हें कानून का सामना कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, भले ही वे देश की सीमाओं से बाहर क्यों न चले जाएं।”

Leave a Comment