‘जुहू सर्कल पर बंगला, पनवेल में 300 एकड़ जमीन, नेपाल के कसीनो में सेटिंग, बेटा सिविल इंजीनियर’… सब फेंकम-फांक कर इस उत्तर भारतीय ठग ने कर ली बेटे की शादी !!

अमर मिश्रा — मनीष मिश्रा

अस्मिता मिश्रा ‘हत्याकांड’ : भाग-3

मुंबई के उत्तर भारतीय ठग और उत्तर भारतीय भौकाल की कहानी के भाग-3 में पढ़िए कि कैसे मनीष अवधनारायण मिश्रा ने अमर दिवाकर मिश्रा के सामने अपनी अमीरी और रसूख का ऐसा भौकाल बनाया कि उसके दावों के मुताबिक, जुहू सर्कल पर उसका बंगला है, मर्सिडीज कार है, पनवेल में 300 एकड़ जमीन है और नेपाल के कसीनो में उसकी सेटिंग है। वहां से वह सस्ते में हीरे खरीदकर मुंबई में महंगे दामों पर बेचता है। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में उसके गांव में सबसे बड़ा मकान उसी का है। उसका बेटा अभय मिश्रा सिविल इंजीनियर है।

जुहू सर्कल पर बंगला

हर पिता की तमन्ना होती है कि वह अपनी बेटी की शादी किसी संपन्न परिवार में करे। जुहू सर्कल पर ‘जय अम्बे’ नाम से मीता पाला नामक एक महिला का बंगला है। मीता पाला एनआरआई (NRI) हैं। मीता पाला और मनीष मिश्रा के बीच घनिष्ठ संबंध हैं।

अपना भौकाल बनाने के लिए जब भी मनीष मिश्रा को किसी से मिलने जाना होता था, वह मीता पाला की मर्सिडीज कार लेकर जाता था। अगर कोई उसे पिकअप करने आता था, तो वह मीता पाला के बंगले से निकलता था। इसी तरह, ड्रॉप भी वह मीता पाला के बंगले पर ही करवाता था। उसने लोगों के सामने ऐसा दिखावा किया था, मानो मीता पाला का बंगला उसका अपना हो।

मनीष मिश्रा को पहली बार अमर मिश्रा के घर जाना था। उसने अमर मिश्रा और मनीष मिश्रा के कॉमन फ्रेंड देवेंद्र तिवारी से पूछा कि क्या अमर मिश्रा के घर मर्सिडीज पार्क करने की जगह है? मर्सिडीज पर खरोंच नहीं आनी चाहिए। वह मीता पाला की मर्सिडीज लेकर अमर मिश्रा के घर पहुंचा। बता दें कि जिस बिल्डिंग में अमर मिश्रा रहते हैं, उसका निर्माण उनके पिताजी ने करवाया है। वहां सभी फ्लैट डुप्लेक्स हैं। जिस क्षेत्रफल में बड़े-बड़े लोगों के बंगले बने होते हैं, लगभग उतने ही बड़े क्षेत्रफल में अमर मिश्रा की पार्किंग और गार्डन है।

नेपाल के कसीनो में सेटिंग

मनीष मिश्रा ने अपने बारे में बताया था कि वह वकील है, फाइनेंशियल एडवाइजर है, फिल्म प्रोड्यूसर है और डायमंड कारोबारी भी है। उसका दावा है कि नेपाल के कसीनो के वेटर्स से उसकी अच्छी सेटिंग है। उसने उन्हें अपने प्रभाव में कर रखा है। उसके मुताबिक, जो जुआरी कसीनो में जुआ खेलते हुए अपने डायमंड हार जाते हैं, उनसे वह कम दामों में खरीद लेता है और मुंबई लाकर ऊंचे दामों पर बेच देता है।

पनवेल में 300 एकड़ जमीन

अमर मिश्रा ने जब मनीष मिश्रा से पूछा कि लड़का यानी अभय मिश्रा करता क्या है, तो मनीष मिश्रा ने बताया कि वह सिविल इंजीनियर है। मनीष मिश्रा ने कहा कि हालांकि अभय मिश्रा को नौकरी करने की कोई जरूरत नहीं है, फिर भी काम सीखने के लिहाज से वह मालाड (पश्चिम) में ‘सेठ बिल्डर्स’ के यहां सुपरवाइजर का काम करता है।

मनीष मिश्रा के मुताबिक, पनवेल में उसकी 300 एकड़ जमीन है। एक साल बाद उसे डेवलप करना है। ऐसे में अभय मिश्रा ही डेवलपमेंट का पूरा काम संभालेगा। मनीष मिश्रा का दावा था कि 300 एकड़ जमीन की वजह से ही उसने बेटे (अभय मिश्रा) को इंजीनियर बनाया है।

जौनपुर में भी बहुत ज्यादा प्रॉपर्टी

मनीष मिश्रा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के गोविंदपुर गांव, पोस्ट-फतेहगंज का रहने वाला है। उसने बताया था कि पूरे गांव में सबसे बड़ा मकान उसी का है। उसके पास बहुत ज्यादा खेती की जमीन है। उसके मुताबिक, गांव में चकबंदी चल रही है और रोजाना सरकार की ओर से नोटिस आती रहती है। यही वजह बताकर वह कहता था कि उसका एक बेटा, दो बेटियां और पत्नी ज्यादातर गांव में ही रहते हैं।

बड़ी बेटी बीमारी से मर गयी

मनीष मिश्रा ने अमर मिश्रा को अपनी बड़ी बेटी के बारे में कुछ नहीं बताया था। दरअसल, मनीष मिश्रा की बड़ी बेटी शादी के मंडप से भागकर एक सरदार लड़के से शादी कर चुकी थी। इसके बाद मनीष मिश्रा श्मशान गया और वहां जल रही एक अज्ञात चिता की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली। उसने उस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और पर्सनल भी फॉरवर्ड करते हुए बताया कि उसकी बड़ी बेटी बीमारी के कारण मर गई है। उसने पोस्ट में लिखा था कि वह अभी-अभी अंतिम संस्कार करके आ रहा है।

कल्याण में रहने वाले ओमप्रकाश (मुन्ना) पांडेय उर्फ नमन, अमर मिश्रा और मनीष मिश्रा के कॉमन फ्रेंड हैं। मुन्ना पांडेय ने अमर मिश्रा को बता दिया था कि मनीष मिश्रा की पांच संतानें हैं, जबकि वह सबको अपनी चार ही संतानें बताता था। वह उस बड़ी बेटी का जिक्र नहीं करता था। पूछने पर कहता था कि उसकी एक बड़ी बेटी थी, लेकिन उसकी मृत्यु हो गई।

लल्लन तिवारी को कर दिया मना

लल्लन तिवारी मीरा रोड में रहते हैं और स्कूल-कॉलेज चलाते हैं। मनीष मिश्रा ने बताया था कि लल्लन तिवारी अपनी नातिन (बेटी की बेटी) की शादी अभय मिश्रा से करवाना चाहते थे। लल्लन तिवारी के पास बहुत पैसा है और वे शादी में काफी दहेज भी दे रहे थे। वे मुझे लेने के लिए कार भेजते थे। लेकिन मनीष मिश्रा के मुताबिक, उसने दो वजहों से इस रिश्ते के लिए मना कर दिया। पहली, उसके बराबर लल्लन तिवारी की समाज में कोई इज्जत नहीं थी। दूसरी, उनकी नातिन बदसूरत थी। लल्लन तिवारी के पास पैसा कितना भी था, उसने रिश्ता ठुकरा दिया। एक तो बदसूरत लड़की दूसरे उसके बराबर उसकी कम हैसियत।

200 करोड़ रुपये की पेंटिंग!

हकीकत में मनीष मिश्रा जेवीपीडी, रोड नंबर-5, जुहू स्थित शिवकुटीर बिल्डिंग में रहता था। उसका यह फ्लैट महज 1 RK का था। जुहू सर्कल पर एनआरआई मीता पाला के बंगले को वह अपना बंगला बताता था और शिवकुटीर स्थित अपने फ्लैट को ऑफिस बताता था। उस 1 RK फ्लैट की दीवार पर एक पेंटिंग लगी थी। अमर मिश्रा को उसने बताया कि उस पेंटिंग की कीमत 200 करोड़ रुपये है। झूमर की कीमत भी वह करोड़ों रुपये बताता था।

उसके पास डायमंड के दो पीस थे। मनीष मिश्रा के मुताबिक, एक-एक पीस की कीमत 25 करोड़ रुपये थी। इतना ही नहीं, वह यह भी बताता था कि दुनिया में ऐसे डायमंड सिर्फ दो लोगों के पास हैं। एक उसके पास और दूसरा लंदन की महारानी के पास।

जुहू में 7X12 सिर्फ उसके नाम!

जुहू की एक झोपड़पट्टी में मनीष मिश्रा के एक रिश्तेदार की झोपड़ी है। इसी झोपड़ी के सामने उसका रिश्तेदार वड़ा-पाव का ठेला लगाता है। मनीष मिश्रा उस झोपड़ी को फ्लैट और वड़ा-पाव के ठेले को होटल बताता था। इतना ही नहीं, वह दोनों को अपनी संपत्ति बताता था।

पूर्व उपमहापौर अरुण देव और पूर्व राज्यमंत्री अमरजीत मिश्रा के सामने उसने एक स्कूल में दावा किया था कि जुहू की वह प्रॉपर्टी उसकी है। और तो और, उसका दावा था कि वह जुहू में एकमात्र ऐसा शख्स है, जिसके नाम सिर्फ 7X12 की जगह है। उसके मुताबिक, जुहू में किसी दूसरे व्यक्ति के नाम 7X12 की जगह नहीं है।

ABI– भाग-1 : 14 नवंबर 2026 : ‘मेरा PA जे. डे. का शूटर है, जे. डे. मर्डर पर मैं फिल्म बना रहा हूं।’

ABI– भाग-2 : 18 नवंबर 2026 : ‘मेरे पिताजी बाहुबली थे। हाजी मस्तान रोज मिलने आता था। पिताजी इतने बड़े एक्टर थे कि वे कुर्सी पर बैठते थे और अमिताभ बच्चन जमीन पर।’

मुंबई के उत्तर भारतीय ठग और उत्तर भारतीय भौकाल की कहानी जारी है…

One Thought to “‘जुहू सर्कल पर बंगला, पनवेल में 300 एकड़ जमीन, नेपाल के कसीनो में सेटिंग, बेटा सिविल इंजीनियर’… सब फेंकम-फांक कर इस उत्तर भारतीय ठग ने कर ली बेटे की शादी !!”

Leave a Comment