पुलिस थानों में आमतौर पर आपराधिक घटनाओं, मारपीट या आपसी विवादों से जुड़ी शिकायतें सामने आती हैं, लेकिन मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने पुलिसकर्मियों को भी चौंका दिया। यहां रविवार की रात करीब एक बजे एक महिला अपनी अनोखी परेशानी लेकर थाने पहुंच गई। उसकी शिकायत थी कि पिछले 8 से 10 दिनों से उसे नींद नहीं आ रही है। लगातार इस समस्या से जूझ रही महिला ने पुलिस से अपनी शिकायत दर्ज करने की मांग की।
यह पूरा मामला भौंती पुलिस थाने का है। रविवार देर रात थाने पहुंची महिला ने पुलिसकर्मियों को बताया कि कई दिनों से ठीक से सो नहीं पाने के कारण वह बेहद परेशान है। उसने अपनी समस्या को लेकर पुलिस से शिकायत लिखने को कहा। महिला अपनी बात पर अड़ी रही और शिकायत दर्ज कराने की मांग करती रही। आधी रात को इस तरह की परेशानी लेकर थाने पहुंची महिला को देखकर पुलिसकर्मी भी असमंजस में पड़ गए।
महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि वह नींद नहीं आने की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर पहले ही शिकायत कर चुकी है, लेकिन वहां से भी उसे कोई राहत नहीं मिली। जब उसकी परेशानी का समाधान नहीं हुआ तो उसने पुलिस थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया। हालांकि, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज कराई गई शिकायत पर अब तक क्या कार्रवाई हुई, इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
महिला का दावा है कि वह 8 से 10 दिनों से नींद नहीं आने की समस्या से परेशान है। इसी सिलसिले में उसने पहले मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का रुख किया और समाधान नहीं मिलने पर रात करीब एक बजे भौंती थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत दर्ज करने की मांग की।
महिला की स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी घनश्याम धाकड़ ने तत्काल उसके परिजनों को थाने बुलाया। परिजनों के आने के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला की मानसिक स्थिति में उतार-चढ़ाव रहता है और उसका इलाज चल रहा है। पहले भी वह इस तरह की असामान्य हरकतें कर चुकी है।
