महाराष्ट्र में फर्जी शिक्षक भर्ती के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 73 शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से स्थायी रूप से नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि बर्खास्त किए गए शिक्षकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। यह कार्रवाई बीड़ जिले में की गई है। नौकरी गंवाने वाले 73 शिक्षकों में प्राथमिक विभाग के 7 और माध्यमिक विभाग के 66 शिक्षक शामिल हैं।
महाराष्ट्र में वर्ष 2012 से शिक्षक भर्ती पर रोक लगी हुई है। इसके बावजूद राज्य में शिक्षकों की नियुक्तियां किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, अदालतों के निर्देशों की सुविधानुसार व्याख्या करके कुछ शिक्षकों को नौकरी दी गई। वहीं, कुछ जगहों पर संच मान्यता (शिक्षक पदों की स्वीकृति) में संशोधन के नाम पर पदों की संख्या बढ़ा दी गई। इतना ही नहीं, कुछ स्थानों पर फर्जी विद्यार्थियों के आधार पर भी संच मान्यता के तहत स्वीकृत पद बढ़ाए जाने का चौंकाने वाला मामला उजागर हुआ।
जांच में सामने आया कि इस पूरे खेल में बड़े पैमाने पर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया था। इसके अलावा, फर्जी तरीके से 2,217 अतिरिक्त पद सृजित कर उन पर भर्तियां किए जाने का भी खुलासा हुआ है। इन पदों पर नियुक्त शिक्षकों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। इसी फर्जी शिक्षक भर्ती मामले में शिक्षा विभाग ने फिलहाल 73 शिक्षकों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं।
बीड़ जिले में शिक्षक भर्ती घोटाले का खुलासा एक सामाजिक कार्यकर्ता की शिकायत के बाद हुआ। उन्होंने इस मामले में एसआईटी (विशेष जांच दल) के पास शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के बाद बीड़ के शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।
इससे पहले जनवरी 2023 में भी बीड़ जिले के 52 शिक्षकों को नौकरी से हटाया गया था। दरअसल, तबादला पाने के लिए कई शिक्षकों द्वारा फर्जी दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनवाने का मामला सामने आया था। अंबाजोगाई स्थित स्वामी रामानंद तीर्थ अस्पताल में 236 शिक्षकों की दोबारा मेडिकल जांच कराई गई थी। इस जांच में 52 शिक्षकों के दिव्यांगता प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए थे। इसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई थी।
