मुंबई के नागपाड़ा स्थित महाराष्ट्र कॉलेज ऑफ आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस कॉलेज में तीसरे वर्ष की बीएससी आईटी (BSc IT) की छात्रा को दूसरी महिला की जगह एमए (MA) की परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। संयोग से दोनों छात्राओं का नाम एक ही है। इस मामले में नागपाड़ा पुलिस ने आरोपी छात्रा के खिलाफ केस दर्ज किया है।
आरोपी की पहचान सबरीन परवेज खान के रूप में हुई है। वह कुर्ला पश्चिम की रहने वाली है और अकबर पीरभॉय कॉलेज में बीएससी आईटी के तीसरे वर्ष में पढ़ती है। आरोप है कि उसने 22 वर्षीय सबरीन सुल्तान खान की जगह परीक्षा देने की कोशिश की। दोनों का नाम एक जैसा होने का फायदा उठाकर आरोपी ने एमए की छात्रा के रूप में अपनी पहचान बताई।
यह घटना शुक्रवार को बेलासिस रोड स्थित महाराष्ट्र कॉलेज ऑफ आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस में हुई। यहां एमए इस्लामिक स्टडीज पार्ट-2 की परीक्षा चल रही थी। प्रश्नपत्र का विषय ‘अब्बासी शासकों के शासनकाल में राजनीतिक घटनाक्रम और सांस्कृतिक विकास’ था।
पुलिस के मुताबिक, विश्वविद्यालय के फ्लाइंग स्क्वॉड में शामिल प्रिंसिपल समीर नाइक और स्मिता सालुंखे दोपहर करीब 2.45 बजे परीक्षा केंद्र के ब्लॉक नंबर 35 में निरीक्षण के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्हें एक परीक्षार्थी काफी घबराई हुई नजर आई। संदेह होने पर उन्होंने उसका हॉल टिकट जांचने का फैसला किया।
जांच में हॉल टिकट पर लगी तस्वीर और परीक्षा दे रही महिला का चेहरा मेल नहीं खाया। पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि वह दूसरी छात्रा की जगह परीक्षा दे रही थी, जबकि संबंधित छात्रा घर पर ही थी।
इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने आरोपी का हॉल टिकट, आधार कार्ड, प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिका जब्त कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले में कॉलेज के उपप्राचार्य और परीक्षा केंद्र निदेशक डॉ. वसीम अहमद हैदरी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
आरोपी छात्रा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 319 के तहत प्रतिरूपण कर धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र प्रिवेंशन ऑफ मालप्रैक्टिसेज एट यूनिवर्सिटी, बोर्ड एंड अदर स्पेसिफाइड एग्जामिनेशंस एक्ट, 1982 की धाराएं 7 और 8 भी लगाई गई हैं। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
