तमिल फिल्मों के सुपरस्टार विजय थलापति मुस्लिम विरोधी हैं, फतवा जारी

 

ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष और दारुल इफ्ता के चीफ मुफ्ती मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के अध्यक्ष विजय थलापति के बारे मे पूछे गये एक सवाल के जवाब में फतवा जारी किया है। इस फतवे में कहा गया है कि विजय थलापति मुस्लिम मुखालिफ हैं। उनकी पृष्ठभूमि भी इस्लाम के खिलाफ है। 

मौलाना ने कहा कि रोजा इफ्तार में शराबी व जुआरी असामाजिक तत्वों को बुलाना नाजायज और गुनाह का कार्य है। इस फतवे में तमिलनाडु के मुसलमानों से कहा गया है कि ऐसे व्यक्ति पर भरोसा न करें और अपने कार्यक्रमों में न बुलाएं। मुसलमान इनसे दूरी बना कर रखें। 

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने अपने बयान में कहा कि विजय थलापति फिल्मी दुनिया से राजनीति में कदम जमाने के लिए मुस्लिम जज्बात का इस्तेमाल कर रहे हैं। जबकि इनका इतिहास मुस्लिम विरोध से भरा पड़ा है। इनके द्वारा अभिनीत फिल्म “द बीस्ट” में इन्होंने मुस्लिम और पूरे मुस्लिम समुदाय को आतंकवाद और उग्रवाद से जोड़ा है। इस फिल्म में थलापति ने मुस्लिमों को राक्षस और शैतान दिखाने की कोशिश की है। 

उन्होंने कहा कि अब वो राजनीति में कदम रख रहे हैं और उनको वोट चाहिए। इसलिए अब वो मुस्लिम तुष्टीकरण कर रहे हैं। इसके अलावा भी उनके द्वारा ऐसी फिल्में बनाई गई हैं जिसमें इस्लाम और मुस्लिमों को निशाना बनाया गया है। मौलाना बरेलवी ने कहा कि अभी हाल ही में उनके द्वारा आयोजित इफ्तार पार्टी में भी उन्होंने इफ्तार और रमजान की पवित्रता को भी ताक पर रख दिया और इफ्तार में ऐसे लोगों को बुलाया गया जो इस्लाम के उसूलों के खिलाफ काम करते हैं।

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा कि इफ्तार में शराबी और उपद्रवी सहित ऐसे लोग शामिल थे जो न तो रोजा रखे थे और न ही इस्लामी प्रथाओं से जुड़े थे। इस बात के खिलाफ तमिलनाडु में उनके खिलाफ सुन्नी मुसलमानों ने पुलिस से शिकायत भी दर्ज कराई थी। तमिलनाडु के मुसलमानों को चाहिए कि विजय थलापति से दूरी बनाएं। उनके कार्यक्रमों में न जाएं और न ही उनको अपने धार्मिक कार्यक्रमों में बुलाएं। 

5 Thoughts to “तमिल फिल्मों के सुपरस्टार विजय थलापति मुस्लिम विरोधी हैं, फतवा जारी”

Leave a Comment