दांतों की डॉक्टर ने किया हेयर ट्रांसप्लांट, दो इंजीनियरों की मौत

अनुष्का तिवारी

उत्तर प्रदेश के कानपुर के कल्याणपुर के केशवपुरम की डॉ. अनुष्का तिवारी ने घने बाल करने का दावा कर दो लोगों का हेयर ट्रांसप्लांट कर दिया। दोनों इंजीनियर थे। इसके बाद दोनों की मौत हो गयी। आश्चर्य है कि अनुष्का तिवारी के पास सिर्फ बीडीएस की डिग्री है। हेयर ट्रांसप्लांट के लिए अनुष्का तिवारी ने मात्र 40 हजार रुपये लिए थे।

मृतकों की पहचान पनकी पावर हाउस के इंजीनियर विनीत दुबे और फर्रुखाबाद के इंजीनियर मयंक कटियार के रूप में हुई है। विनीत ने अनुष्का तिवारी से 13 मार्च को हेयर ट्रांसप्लांट कराया था। अगले ही दिन विनीत की तबियत बिगड़ गयी। उसका चेहरा सूज गया था। इसके बाद विनीत को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां 15 मार्च यानि हेयर ट्रांसप्‍लांट करने के 2 दिन बाद उसकी मौत हो गई। इसी तरह मयंक कटियार की भी मौत हो गयी।

विनीत दुबे की पत्नी जया ने रावतपुर थाने में डॉ. अनुष्का के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पनकी निवासी सहायक अभियंता विनीत दुबे की मौत के बाद से यहां ताला लगा हुआ है। बोर्ड भी हटा दिया गया है। कॉम्प्लेक्स की सुरक्षा में तैनात गार्ड ने बताया कि कुछ दिन से डॉक्टर नहीं आ रही हैं। क्लीनिक पर ताला लटका हुआ है। इसी क्लीनिक पर डॉ. अनुष्का के पति भी बैठते थे। वह दांतों के डॉक्टर बताए जा रहे हैं।

Leave a Comment