मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को चप्पल पहनकर आराम से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे एक विदेशी को DRI अधिकारियों ने शक के आधार पर पकड़ लिया। वह शख्स चाड (अफ्रीकी देश) का नागरिक था और अदीस अबाबा से मुंबई पहुंचा था। उसने चप्पलों की एड़ियों में सोने की ईंटें (बार्स) छिपाई थीं। कुल 4,015 ग्राम सोना बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 3.86 करोड़ रुपये है।
राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) के अधिकारियों ने जैसे ही उस यात्री ने एयरपोर्ट पर कदम रखा, उसे निगरानी में ले लिया। उसकी चाल को गौर से देखने के बाद जब उसे रोका गया और चप्पलों की जांच की गई, तो एड़ियों के अंदर बारीकी से छिपाया गया था।
अधिकारियों के मुताबिक, शख्स ने सोने को बेहद चालाकी से छिपाया था ताकि वह सीमा शुल्क जांच से बच सके। लेकिन उसकी चाल ने उसकी पोल खोल दी। अब इस मामले की गहराई से जांच की जा रही है कि यह सोना आखिर किसके लिए लाया जा रहा था और इसके पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क तो नहीं है।
