पुजारी बनकर चोर ने जैन मंदिर से चुराया चांदी का मुकुट, पकड़ा गया

 

पुजारी का वेश धारण कर एक चोर ने चिंचवड़ रेलवे स्टेशन के पास स्थित आदिश्वर जैन मंदिर से भगवान की मूर्ति पर सजा एक किलो वजनी चांदी का मुकुट चोरी कर लिया। पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय (PCPC) की क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे महज दो दिनों के भीतर मुंबई से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार चोरी किया गया चांदी का मुकुट बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेश अगरचंद जैन (49, निवासी मुंबई) के रूप में हुई है।
आदिश्वर जैन मंदिर चिंचवड़ रेलवे स्टेशन क्षेत्र में स्थित है। यहां भगवान श्री आदिश्वर शंखेश्वर पार्श्वनाथ की प्रतिमा पर करीब एक किलो वजनी चांदी का मुकुट सुसज्जित था, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक 21 फरवरी को सुबह करीब 11 बजे एक अज्ञात व्यक्ति पुजारी के वेश में मंदिर में दाखिल हुआ और मुकुट चोरी कर फरार हो गया। कुछ ही देर बाद मंदिर के पुजारी और प्रबंधन को मुकुट गायब होने की जानकारी मिली। सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर पता चला कि पुजारी के वेश में आए व्यक्ति ने ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम) डॉ. शिवाजी पवार ने बताया- पिंपरी पुलिस स्टेशन में चोरी का मामला दर्ज किया गया और क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने समानांतर जांच शुरू की। सहायक पुलिस निरीक्षक दत्तात्रेय गुलिग और उप-निरीक्षक कर्मराज गावड़े के नेतृत्व में दो विशेष टीमें गठित की गईं। टीमों ने चिंचवड़ क्षेत्र के 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, जिसके बाद आरोपी की पहचान हो सकी।

पुलिस ने उसे मुंबई में ट्रैक किया और 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। चोरी की संपत्ति भी बरामद कर ली। आरोपी नरेश जैन एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ मुंबई और आसपास के विभिन्न पुलिस थानों में चोरी के 12 मामले दर्ज हैं।

Leave a Comment