नासिक के स्वयंघोषित ज्योतिषी अशोक खरात के खिलाफ अबतक 3 FIR दर्ज हो चुकी हैं। इस मामले में एसआईटी (विशेष जांच दल) के साथ इन्कम टैक्स ने भी एंट्री कर ली है। अब अशोक खरात की संपत्तियों, लेन-देन और आय के स्रोतों की गहन जांच की जाएगी।
नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस थाने में अशोक खरात के खिलाफ तीन यौन शोषण के मामलों सहित महाराष्ट्र नरबली और जादूटोना विरोधी कानून के तहत केस दर्ज हैं। पहले मामले में खरात पर यौन शोषण, जादूटोना और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। दूसरे मामले में यौन शोषण के साथ महाराष्ट्र नरबली तथा जादूटोना प्रतिबंधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में एक गर्भवती महिला के साथ यौन शोषण किए जाने का आरोप है। अशोक खरात ने शादी का झांसा देकर एक तलाकशुदा महिला के साथ तांत्रिक विधियों के नाम पर यौन शोषण किया। महिला को डराया कि उसके बच्चों का अनिष्ट हो जाएगा और खुद को अवतारी पुरुष तथा त्रिकाल ज्ञानी बताकर उसके साथ बार-बार यौन अत्याचार किया। साथ ही महिला का गर्भपात कराने का मामला भी सामने आया है।
पहली FIR
•2022 से 2025 के बीच पीड़िता के साथ यौन शोषण किया।
•दैवी शक्तियों का झूठा दावा किया।
•कार्यालय में बुलाकर धार्मिक आस्था का फायदा उठाते हुए नशीला पदार्थ दिया।
•खुद को भगवान कृष्ण का अवतार और महिला को पिछले जन्म की राधा बताया।
•सिर पर लोटा-तांबा रखकर कान में कुछ बोलता था।
•विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता था।
•डराकर महिला की इच्छा के खिलाफ बार-बार दुष्कर्म किया।
•झूठे मंत्र, तंत्र और अघोरी पूजा के नाम पर शोषण किया।
•महिलाओं से गायत्री मंत्र का जाप करवाकर उनका शोषण किया।
•महिला को ऑफिस बुलाकर उसके पति को बाहर बैठाता था।
दूसरी FIR
•गर्भवती महिला को पुत्र प्राप्ति का लालच देकर यौन शोषण किया।
•गर्भावस्था में पूजा विधि के नाम पर अत्याचार किया।
•महिला और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
•नकली सांप और नकली बाघ की खाल दिखाकर अघोरी क्रियाएं कीं।
•महिला की धार्मिक भावनाओं का फायदा उठाते हुए कान में मंत्र पढ़े।
•पति को जान से मारने की धमकी दी।
तीसरी FIR
•शादी का झांसा देकर शुभ समय आने का विश्वास दिलाते हुए शोषण किया।
•वैवाहिक जीवन में विवाद का फायदा उठाकर अश्लील कृत्य किया।
•तलाक के बाद महिला के साथ यौन शोषण किया।
•शादी और आर्थिक लाभ का लालच दिया।
•महिला के गर्भवती होने पर गर्भपात कराने के लिए दवा दी।
•तांत्रिक और अघोरी विधियों के नाम पर बच्चों के अनिष्ट की धमकी दी।
•खुद को अवतारी पुरुष बताकर धोखा दिया।
•त्रिकाल ज्ञानी का दावा कर विश्वास जीता और महिला को पिछले जन्म में अप्सरा बताया।
•‘तुम्हारा तलाक लिखा हुआ था, मैं तुमसे शादी करूंगा और तुम्हारे बच्चों का पालन-पोषण करूंगा’ ऐसा कहकर बार-बार यौन शोषण किया।
